अंबेडकरनगर। कूड़ा निस्तारण न होने से नाराज हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट के निकट विरोध प्रदर्शन कर अपनी मांगों का एक ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। इसमें चेताया गया कि यदि शीघ्र ही उनकी न्यायोचित मांगों का निस्तारण नहीं हुआ, तो अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।
ज्ञापन में बताया गया कि नगर पंचायत किछौछा प्रशासन द्वारा क्षेत्र का कूड़ा जगह जगह खुले में डाला जा रहा है। इससे उठने वाली दुर्गंध से संक्रामक रोगों के फैलने का अंदेशा भी मंडराने लगा है। इसे परेशानी से छुटकारा दिलाने के लिए लगातार शिकायत के बाद भी जिम्मेदार कोई ध्यान नहीं दे रहे।
विरोध प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे हिंदू मंच के जिलाध्यक्ष हनुमंत सिंह ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा जहां एक तरफ साफ सफाई पर जहां जोर दिया जा रहा है, वहीं इसे लेकर नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा द्वारा पूरी तरह लापरवाही बरती जा रही है। ज्ञापन के माध्यम से कूड़े को नगर के बाहर डलवाने अथवा गड्ढा खोदकर उसमें डाले जाने की मांग भी की गयी है।