बदतर विद्युत आपूर्ति का दंश झेल रहे बरियावन बाजार के वाशिंदों का धैर्य गुरुवार रात जवाब दे गया। बड़ी तादाद में उपभोक्ता रात नौ बजे के बाद सड़क पर उतर आए और अकबरपुर-आजमगढ़ मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया।
उपभोक्ता इस बात को लेकर खासे आक्रोशित थे कि उन्हें टांडा के जिस फीडर से बिजली दी जा रही थी, उसे बदल दिया गया है। उपभोक्ताओं के मुताबिक लगभग एक पखवारे पहले जब से उनका फीडर बदला गया है, तब से विद्युत आपूर्ति का संकट हद दर्जे तक बढ़ गया है।
आक्रोशित लोगों ने एक जनप्रतिनिधि पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके द्वारा ही अपने क्षेत्र के लोगों को अधिक बिजली दिलाने के लिए इस फीडर में बदलाव कराया गया है। मार्ग जाम के दौरान प्रदर्शनकारियों ने संबंधित जनप्रतिनिधि के विरोध में जमकर नारेबाजी भी की।
कहा कि फीडर बदलने के बाद से ही बरियावन व आसपास के गांव में बिजली का संकट उत्पन्न हो गया है। न तो दिन में समुचित बिजली मिल पा रही है और न ही रात में उपभोक्ताओं को चैन मिल रहा है।
नाराज उपभोक्ताओं ने ट्रांसफार्मरों के जल्दी जल्दी जलने व बिगड़ने को लेकर भी आक्रोश का इजहार किया। मार्ग जाम करने की सूचना मिलते ही एसडीएम सदर रमापति व अकबरपुर कोतवाल योगेश शाह मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों के पहुंचने के दौरान वहां लगे एक ट्रांसफार्मर से धुआं सा निकलने लगा।
ग्रामीणों ने इसे दिखाते हुए कहा कि ऐसे ही विद्युत आपूर्ति चल रही है। एसडीएम ने ग्रामीणों को काफी देर तक समझाया बुझाया और इसके बाद विद्युत अधिकारियों से वार्ता भी की। एसडीएम ने प्रभावी कदम उठाए जाने का भरोसा दिलाया, जिसके बाद ग्रामीणों का मार्ग जाम समाप्त हो सका।