इब्राहिमपुर के चितवई गांव में आंबेडकर प्रतिमा के छतिग्रस्त होने के बाद तैनात पुलिसबल व मौजूद ग्
अंबेडकरनगर। दो समुदायों के बीच मामूली विवाद के दौरान आंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके बाद विवाद और गहरा गया। इसके चलते जमकर पत्थरबाजी हुई, जिसमें छह लोगों को गंभीर चोटें लगी हैं। पुलिस ने जियालाल की तहरीर पर आठ नामजद समेत दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। एक दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। आंबेडकर प्रतिमा के पास सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस तैनात कर दी गई है।
इब्राहिमपुर के चितवई गांव में बुधवार रात नौ बजे के करीब दलित बस्ती के आंबेडकर प्रतिमा के पास युवक नशे की हालत बैठा था। इस पर दलित बस्ती के लोगों ने उसे वहां से जाने को कहा, तो वह भड़क पड़ा और ग्रामीणोंं को गालियां देने लगा। फोन कर कंकाली बस्ती से मुल्ला, कमल सहित अपने साथियोंं को बुला लिया। इसके बाद पत्थरबाजी शुरू कर दी, इसमें कुछ दूरी पर स्थित आंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त हो गई। साथ ही पल्लवी, सुनील, स्वाति, बंटी सहित आधा दर्जन लोग घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते की वहां कई थानों की पुलिस पहुंच गई। भीड़ को भगाने के साथ ही एक दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में ले लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने रात में ही मिस्त्री बुलाकर क्षतिग्रस्त प्रतिमा को ठीक करा दिया। थानाध्यक्ष इब्राहिमपुर रितेश पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर कमल, छोटेलाल, बुल्ला, शाहिद, अलीम, महताब मजीद, लेस, साहेब लेस आदि समेत एक दर्जन अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर 15 लोगोंं को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।