अंबेडकरनगर। राजस्व विभाग और विकास विभाग की प्रमुख योजनाओं का बेहतर ढंग से क्रियान्वयन और पोर्टल पर दी जाने वाले सूचनाओं की समय से फीडिंग में अंबेडकरनगर ने काफी सुधार किया है। यही वजह है कि मार्च की शासन स्तर पर हुई समीक्षा के बाद सीएम डैशबोर्ड पर ओवरऑल रैंकिंग में अंबेडकरनगर को पूरे प्रदेश में दूसरा स्थान मिला है, जबकि विकास कार्यों में तीसरा स्थान आया है।
डीएम अविनाश सिंह व सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला की कड़ी निगरानी के चलते फिसड्डी विभागों ने अपनी कार्यशैली में सुधार किया, जिसके फलस्वरूप यह कामयाबी हासिल हुई है। अब डीएम ने पहले पायदान पर आने के लिए और सुधार के निर्देश दिए हैं।
केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से संचालित प्रमुख योजनाओं और विभागीय कार्यों की हर माह शासन स्तर पर विभिन्न पोर्टल के माध्यम से समीक्षा की जाती है। इसमें प्रमुख रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, हर घर जल कनेक्शन, विभिन्न विभागों की पेंशन योजना समेत अन्य तमाम फ्लैगशिप योजनाएं शामिल हैं।
फरवरी में जिले को प्रदेश में 18वां स्थान मिला था। इसमें मत्स्य विभाग, समाज कल्याण विभाग व जल निगम ग्रामीण विभागों की प्रगति सबसे खराब थी। रैंकिंग आने के बाद डीएम व सीडीओ ने संबंधित विभागों की सप्ताह में दो दिन प्रगति की समीक्षा करना चालू किया। मत्स्य विभाग के 372 आवेदन पत्र लंबित थे, जिन्हें निस्तारित कराया गया। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में समाज कल्याण विभाग समय से फीडिंग न कर पाने के चलते पीछे चल रहा था। इसी तरह जलजीवन मिशन में हर घर जल कनेक्शन में प्रगति खराब थी। अधिकारियों की निगरानी में इन विभागों ने अपेक्षित सुधार किया। इसके बाद मार्च माह की रैंकिंग में काफी सुधार हुआ और प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल करने में कामयाबी हासिल की।
पहले पायदान पर पहुंचने के होंगे प्रयास
फोटो- 8
कुछ विभागों की प्रगति खराब चल रही थी, जिनकी नियमित मॉनीटरिंग करते हुए सुधार कराया गया है। सभी विभागों के समन्वय से यह सफलता मिली है। इसे पहले पायदान पर पहुंचाने के लिए और बेहतर प्रयास किया जाएगा।
- अविनाश सिंह, जिलाधिकारी
लापरवाह विभागों की अलग से निगरानी
फोटो- 9
शासन की फ्लैगशिप योजनाओं पर सभी विभागों को गंभीरता से पोर्टल पर सूचनाएं अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं। लापरवाही करने वाले विभागों की अलग से निगरानी की जा रही है।
-आनंद कुमार शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी