राजेसुल्तानपुर। थाना क्षेत्र अंतर्गत शंकरपुर गांव के निकट शनिवार रात मुठभेड़ में पुलिस ने हिस्टीशीटर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस फायरिंग में जहां बदमाश के पैर में गोली लगी, वहीं बदमाशों की फायरिंग में एक सिपाही के भी पैर में गोली लगी। दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से इलाज के बाद बदमाश को जिला कारागार भेज दिया गया।
शनिवार रात थानाध्यक्ष रामलखन पटेल हमाराह सिपाहियों के साथ गश्त पर थे। बताया जाता है कि जब वे शंकरपुर पुलिया के निकट पहुंचे, तो इसी बीच गढ़वल रोड से पदुमपुर बाजार की तरह एक बाइक से दो युवक आते दिखे। पुलिस कर्मियों ने उन्हें रुकने का इशारा किया, तो बाइक की गति बढ़ाकर दोनों भागने लगे। पुलिस कर्मियों ने इस पर उनका पीछा किया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।
बचाव में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। फायरिंग में गोली एक बदमाश के पैर में लगी, जबकि बदमाशों की फायरिंग में राजेसुल्तानपुर थाने में तैनात सिपाही भूपेंद्र सिंह के पैर में भी गोली लगी।
उधर गोली लगने से दोनों बदमाश बाइक समेत गिर पड़े। अंधेरे का लाभ उठाकर एक बदमाश भाग निकलने में सफल रहा। घायल बदमाश की पहचान अलीगंज थाना अन्तर्गत फिरोजपुर निवासी इंद्रजीत उर्फ रूदल के रूप में हुई। एसओ ने बताया कि रूदल हिस्ट्रीशीटर है। उस पर विभिन्न थानों में 15 केस दर्ज हैं। बताया कि दोनों घायलों को पहले सीएचसी जहांगीरगंज, फिर जिला अस्पताल ले जाया गया। इलाज के बाद बदमाश को जिला कारागार भेज दिया गया।
बताया कि दूसरे बदमाश की पहचान दीपक के रूप में हुई है। उसकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।