पुलिस लाइन के निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक केशव कुमार।
अंबेडकरनगर। जिले में शनिवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) की नमाज निर्धारित समय पर विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में अदा की जाएगी। त्योहार को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की है। सभी संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त बल की तैनाती के साथ ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है।
अकबरपुर की जामा मस्जिद पर सुबह सात बजे नमाज अदा की जाएगी। किछौछा क्षेत्र में सरदारनगर ईदगाह में नमाज सुबह 8:00 बजे और भिदूड़ ईदगाह में 9:00 बजे अदा की जाएगी। शहर स्थित ईदगाह में सुबह 8:30 बजे नमाज अदा की जाएगी। जलालपुर में अकबरपुर रोड ईदगाह में 7:30 बजे व मांगुराडीला ईदगाह में 8:00 बजे, उर्दू बाजार स्थित रौज़े कासिम ईदगाह में नमाज का समय सुबह 10:00 बजे निर्धारित है। टांडा क्षेत्र के अलीगंज व मुबारकपुर ईदगाह में नमाज 7:30 बजे अदा की जाएगी।
जिले के 77 स्थानों को कुर्बानी के लिए चिह्नित किया गया। टांडा और बसखारी को संवेदनशील क्षेत्र मानते हुए यहां अतिरिक्त निगरानी की जाएगी। सुरक्षा के लिए दो प्लाटून पीएसी की तैनाती की गई है। प्रत्येक क्षेत्राधिकारी को ड्रोन के माध्यम से निगरानी का जिम्मा सौंपा गया है। थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त और सतर्क निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख नमाज स्थलों के निकट यातायात संचालन के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की गई है। भीड़ प्रबंधन के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मी, होमगार्ड और सिविल डिफेंसकर्मी तैनात रहेंगे। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए क्विक रिस्पांस टीम तैयार रखी गई है।
निकायों को किया गया मुस्तैद
नगर निकायों ने नमाज स्थलों की सफाई, पेयजल, शौचालय और विद्युत आपूर्ति की व्यवस्थाएं पूरी कर ली गईं हैं। सुबह से ही प्रशासनिक अधिकारी, मजिस्ट्रेट और पुलिस बल मैदान में डटे रहेंगे। नियंत्रण कक्ष के माध्यम से हर गतिविधि की निगरानी होगी। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित निर्देशों का पालन करें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। धार्मिक सौहार्द, स्वच्छता और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील भी की गई है।