अंबेडकरनगर। जिले के टीकमपारा पशु आश्रय स्थल पर अव्यवस्थाओं व लापरवाही के मामले ने तूल पकड़ लिया है। सोमवार को डीएम के नाम संबोधित शपथ पत्र अधिकारियों को सौंपकर गांव निवासी एक ग्रामीण ने कहा कि गौशाला में मृत गोवंश को कुछ कर्मचारियों ने उसके खेत में ट्रैक्टर से लाकर फेंक दिया। इसकी शिकायत के बाद उसे वहां से हटवाकर कहीं और ले जाया गया। प्रकरण में जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाए। उधर, प्रशासन का कहना है कि केंद्र पर किसी पशु की मौत नहीं हुई है।
मालूम रहे कि दो दिन पहले सोशल मीडिया पर यह खबर तेजी से वायरल हुई कि पशु आश्रय स्थल टीकमपारा फत्तेपुर में गोवंश की मृत्यु हो गई है। प्रकरण सामने आने के बाद जिला विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने निरीक्षण कर डीएम को अपनी रिपोर्ट दी। इस बीच सोमवार को प्रशासन के इस दावे के बीच टीकमपारा गांव निवासी कुलदीप वर्मा जिला मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने डीएम को संबोधित शपथ पत्र अधिकारियों को सौंपते हुए कहा कि गौशाला में गोवंश की मौत का मामला सामने आने के बाद ट्रैक्टर पर गोवंश को लादकर मेरे खेत में गिरा दिया गया, रविवार सुबह जब मैंने यह देखा तो इसकी शिकायत अधिकारियों से फोन पर की।
इसके बाद गोवंशीय पशु को मेरे खेत से हटाकर कहीं और ले जाया गया। कुलदीप ने कहा कि इस तरह की लापरवाही व मनमानी ठीक नहीं है। प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कराई जाये, जिससे अधिकारियों व जनता को गुमराह करने की कोशिश सफल न हो सके। मामले में एडीएम ने कहा कि सभी गो आश्रय स्थलों पर व्यवस्थाएं पर्याप्त हैं। स्वयं डीएम व हम सब लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। अब जो शपथ पत्र मिला है, उस आधार पर जरूरी जानकारी की जाएगी। किसी पशु आश्रय स्थल पर मौत की कोई अधिकृत जानकारी नहीं है।