अंबेडकरनगर। माध्यमिक विद्यालयों की जनपदीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का बुधवार को समापन हो गया। मोतीलाल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज मालीपुर में हुई प्रतियोगिता में अकबरपुर जोन ओवरऑल चैंपियन रहा। दूसरे स्थान पर नेवादा और तीसरे स्थान पर नाऊसांडा जोन रहा। जिला विद्यालय निरीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किया।
इससे पहले सभी 10 जोन के खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी दी और अगले वर्ष प्रतियोगिता में फिर मिलने का वादा किया। प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद खिलाड़ियों को पुरस्कार का वितरण किया गया। जिला क्रीड़ा सचिव अजीत सिंह ने बताया कि अकबरपुर जोन में पूरी प्रतियोगिता के दौरान शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 217 अंक हासिल किया और ओवरआल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। नेवादा जोन को 120 अंक मिले जब कि नाऊसांडा को केवल 91 अंक मिले।
राजेसुल्तानपुर का 71 कटेहरी और किछौछा को 62 अंक प्राप्त हुए। अकबरपुर को व्यक्तिगत स्पर्धा में 26 जबकि टीम इवेंट में आठ गोल्ड मेडल के साथ 60 पदक मिले। नेवादा को आठ गोल्ड और नाऊसांडा को सात गोल्ड मेडल मिला। प्रतियोगिता के दौरान तीन इवेंट्स में गोल्ड हासिल करने वाले नौ खिलाड़ियों को व्यक्तिगत चैंपियनशिप का खिताब दिया गया। व्यक्तिगत चैंपियनशिप हासिल करने वालों में पवन कुमार, आजाद अंजलि, सीलम, मानस, शालिनी, अर्चना, ममता और सपना चौधरी शामिल हैं। व्यक्तिगत चैंपियनशिप का खिताब भी सबसे ज्यादा अकबरपुर जोन के खिलाड़ियों ने हासिल किया। मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक ने चैंपियनशिप हासिल करने वाले खिलाड़ियों को शील्ड प्रदान कर उनको बधाई दी।