यूपी के अंबेडकरनगर में गन्ना खरीद को लेकर अकबरपुर चीनी मिल ने सभी तैयारी पूरी कर ली है। शनिवार 16 नवंबर से 37 क्रय केंद्रों पर गन्ने की खरीद शुरू हो जाएगी। 17 से गेट पर बने क्रय केंद्र पर भी तौल का कार्य प्रारम्भ हो जाएगा। इस बीच किसान गन्ने की तौल के लिए शुक्रवार से ही केंद्रों पर पहुंचने लगे हैं।
जिले में 21 हजार क्षेत्रफल में गन्ना की बोआई करने वाले 48 हजार किसानों के लिए चीनी मिल का संचालन 18 नवम्बर से होने जा रहा है। इससे पहले ग्रामीण क्षेत्रों में बने 37 तौल सेंटरों पर शनिवार से ही तौल का कार्य शुरू होगा। इस बार चीनी मिल को 95 लाख क्विंटल पेराई का लक्ष्य दिया गया है। लक्ष्य को पूरा करने के लिए मिल प्रशासन ने सभी सेंटर प्रभारी को निर्देश दिए हैं कि किसानों के गन्ने की तौल समय पर की जाए।
यह भी पढ़ेंः- UPPCS: यूपी पीसीएस की परीक्षा के लिए नई तारीख का ऐलान, 22 दिसंबर को दो पालियों में होगी परीक्षा
किसानों की सुविधा का रखा जाएगा ख्याल
साथ ही ढुलाई के लिए वाहनों को शुक्रवार से ही तैयार रखा जाए। ताकि, किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। चीनी मिल प्रशासन के अनुसार 16 नवंबर से मिल में रामायण पाठ का शुभारंभ किया जाएगा। ताकि सब कुछ कुशलतापूर्वक संपन्न हो सके।
समय पर होगा भुगतान
सहायक महाप्रबंधक गन्ना अरबिंद सिंह ने बताया कि हर बार की तरह इस बार भी मिल किसानों का भुगतान समय पर करेगी। इसके लिए सभी किसानों से अपील की गई है कि चीनी मिल में जो खाता संख्या दिया गया है,उसकी जांच अवश्य कर लें। ऐसा होने पर भुगतान में कोई परेशानी नहीं होने पाएगी।
यह भी पढ़ेंः- UP: पूरब से पश्चिम तक कोहरे की चादर में लिपटा यूपी, अगले चार-पांच दिनों में होंगे ये बदलाव
18 को चालू होगी मिल
केंद्रों पर गन्ना खरीद का कार्य शनिवार से शुरू होगा। गन्ने की पूरी उपलब्धता होने के बाद 18 नवम्बर से पेराई सत्र को चालू कर दिया जाएगा। -आर.के वर्मा महाप्रबंधक चीनी मिल