यूपी के अंबेडकरनगर में गन्ना खरीद को लेकर अकबरपुर चीनी मिल ने सभी तैयारी पूरी कर ली है। शनिवार 16 नवंबर से 37 क्रय केंद्रों पर गन्ने की खरीद शुरू हो जाएगी। 17 से गेट पर बने क्रय केंद्र पर भी तौल का कार्य प्रारम्भ हो जाएगा। इस बीच किसान गन्ने की तौल के लिए शुक्रवार से ही केंद्रों पर पहुंचने लगे हैं।
साथ ही ढुलाई के लिए वाहनों को शुक्रवार से ही तैयार रखा जाए। ताकि, किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। चीनी मिल प्रशासन के अनुसार 16 नवंबर से मिल में रामायण पाठ का शुभारंभ किया जाएगा। ताकि सब कुछ कुशलतापूर्वक संपन्न हो सके।
सहायक महाप्रबंधक गन्ना अरबिंद सिंह ने बताया कि हर बार की तरह इस बार भी मिल किसानों का भुगतान समय पर करेगी। इसके लिए सभी किसानों से अपील की गई है कि चीनी मिल में जो खाता संख्या दिया गया है,उसकी जांच अवश्य कर लें। ऐसा होने पर भुगतान में कोई परेशानी नहीं होने पाएगी।
केंद्रों पर गन्ना खरीद का कार्य शनिवार से शुरू होगा। गन्ने की पूरी उपलब्धता होने के बाद 18 नवम्बर से पेराई सत्र को चालू कर दिया जाएगा। -आर.के वर्मा महाप्रबंधक चीनी मिल