फोटो 23, अंबेडकरनगर में मंगलवार बारिश के चलते खेतों में हुआ जलभराव।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। मंगलवार को हुई झमाझम के चलते आम लोगों का बीते काफी दिनों से परेशान कर रही उमस भरी गर्मी से राहत मिली, वहीं धान व गन्ना किसानों के चेहरे पर चमक दिखने लगी। मौजूदा समय में धान की फसल को सिंचाई की सख्त जरूरत थी। बारिश होने से सिंचाई को लेकर धान किसानों ने राहत की सांस ली है। दूसरी तरफ शहर में जलनिकासी के इंतजाम न होने से बारिश के बाद जिला मुख्यालय से लेकर कई अन्य प्रमुख इलाकों में जलभराव के कारण घंटों आवागमन की परेशानी से भी जूझना पड़ा।
सावन की छायी काली घटाओ ने मंगलवार को सुबह जिले के कुछ क्षेत्रों में हल्की, तो कहीं तेज बारिश की। हालांकि दोपहर होते होते आसमान साफ हो गया और तेज धूप निकल आई। इससे एक बार फिर से लोगों को उमस भरी गर्मी परेशान करने लगी। दोपहर बाद एक बार फिर मौसम ने करवट बदली और आसमान पर छाए काले बादलों ने झमाझम बारिश शुरू कर दी। बारिश के पानी की निकासी की उचित व्यवस्था न होने से जिला मुख्यालय पर अकबरपुर अयोध्या मार्ग पर शीतला आश्रम के निकट, कृषि भवन के निकट, अकबरपुर बस स्टेशन के निकट, पटेलनगर तिराहा के निकट के अलावा केदारनगर बाजार, भीटी बाजार समेत कई अन्य क्षेत्रों में जलभराव की समस्या पैदा हो गई। इसमें फंसे लोगों को आवागमन के दौरान काफी परेशानी उठानी पड़ी।
मंगलवार को हुई बारिश ने धान किसानों के चेहरों पर भी खुशी ला दी। मौजूदा समय में धान की फसल को सिंचाई की सख्त जरूरत थी। साधन संपन्न किसान तो वैकल्पिक माध्यम से सिंचाई कर ले रहे थे लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर किसान बारिश पर ही निर्भर होकर आसमान तक रहे थे। अकबरपुर के रामसजीवन, भीटी के जगदीश व जलालपुर के मंगरू ने खुशी का इजहार करते हुए कहा कि बारिश होने से काफी राहत महसूस हुई है। यदि इसी प्रकार से समय समय पर बारिश होती रहे, तो धान की अच्छी फसल होगी।