मॉस्कीटो कॉयल से छप्पर में लगी आग की चपेट में आकर एक निशक्त वृद्ध की झुलसकर मौत हो गई। उधर विभिन्न थाना क्षेत्रों में दो युवतियां खाना बनाते झुलस गईं। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। थाना क्षेत्र महरुआ अंतर्गत आंतडीह निवासी रामपदारथ (82) पुत्र रामबरन शनिवार देर शाम घर के सामने छप्पर में सो रहे थे।
उन्हें कुछ भी दिखाई नहीं देता था। वहां मॉस्कीटो कॉयल जलाकर रखी गई थी। देर रात अचानक उससे छप्पर में आग लग गई। लपटें जब काफी तेज हो गईं और छप्पर का मलवा उनके ऊपर गिरने लगा, तब उन्होंने गुहार मचा दिया।
मौके पर पहुंचे परिवारीजनों ने उन्हें जलते हुए छप्पर से बाहर निकाला लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुके थे। गंभीर हालत में आनन-फानन उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। रविवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
उधर मालीपुर थाना अंतर्गत मालीपुर बाजार निवासिनी अर्चना (22) शनिवार देर शाम चूल्हे पर खाना बनाते समय आग की चपेट में आ गई। गुहार पर पहुंचे परिवारीजन जब तक आग बुझाते, वह बुरी तरह झुलस चुकी थी। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहीं, अकबरपुर के औलियापुर गांव निवासिनी संगीता (19) पुत्री बोल बोविंद स्टोव पर खाना बना रही थी। इसी बीच लपटों से उसके कपड़े में आग लग गई। घबराकर उसने गुहार मचा दिया। मौके पर पहुंचे परिवारीजनों ने आग बुझाई लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुकी थी। उसे भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।