भीटी। थाना क्षेत्र के तरसावां गांव मेें सोमवार देर शाम धारदार हथियार से सफाई कर्मी की हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज कर छानबीन शुरू कर दी है।
भीटी थाना क्षेत्र के तरसावां के ग्रामीणों ने सोमवार देर शाम गांव के बाहर खून से लथपथ एक व्यक्ति को पेड़ से लटका देखा तो सन्न रह गए।। लोगों की सूचना पर पहुंचे परिवारीजन और स्थानीय ग्रामीण उसे लेकर फौरन जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। युवक की पहचान महरुआ थाना क्षेत्र के केवटाही गांव निवासी कुश सिंह के रूप में हुई है। वह सफाईकर्मी के तौर पर कार्यरत था।
ग्रामीणों के अनुसार मौके पर टूटी हुई बोतल भी मिली है। बोतल पर खून के निशान मौजूद हैं। माना जा रहा है कि हत्या के बाद आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पेड़ से लटका दिया गया। परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवारीजनों ने घटना को लेकर समाचार प्रेषण तक किसी पर आशंका नहीं जाहिर की थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।