अंबेडकरनगर। अकबरपुर के सोनगांव में अधिवक्ता मो. आरिफ पर सोमवार रात जानलेवा हमला हुआ। जमीन विवाद को लेकर उन पर फायरिंग की गई, जिसमें गोली उनके बाएं हाथ को छूते हुए निकली। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़ित मो. आरिफ के अनुसार, गांव के ही मुस्ताक, नफीस, सलीम, प्रदीप यादव, राजेश, रवि यादव और रामकेवल से उनका भूमि को लेकर विवाद चल रहा है। रविवार रात करीब 11 बजे वे सीबी सिंह लॉ कॉलेज के पास से निकल रहे थे। इसी दौरान विपक्षियों ने उन्हें रोका और पीटने लगे। विरोध करने पर उनके ऊपर फायर की गई, जिसके बाद वे घायल होकर वहीं गिर पड़े। हमलावर मौके से भाग गए। उन्होंने डायल 112 पर घटना की सूचना दी। पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
क्षेत्राधिकारी नगर अरुण कुमार नौहवार ने बताया कि तहरीर के आधार पर बलवा और जानलेवा हमला सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज हुई है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। वहीं, आरोपी प्रदीप के भाई दिलीप यादव ने आरोपों का खंडन किया। बताया कि प्रदीप, रवि यादव और रामकेवल यादव घटना के समय घर पर थे, जिसकी सीसीटीवी फुटेज भी है। उन्हें झूठे आरोप में फंसाया गया है।