विद्युतनगर (अंबेडकरनगर)। राजधानी लखनऊ के चौक स्टेडियम में आयोजित छठी उत्तर प्रदेश ओपन राज्य स्तरीय स्केटिंग चैंपियनशिप में जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में एनटीपीसी टांडा के निवासी आद्विक सिंह ने क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल मुकाबलों में शानदार तकनीक और गति का परिचय देते हुए फाइनल राउंड में जगह पक्की की।
प्रतियोगिता में शिवांश चौधरी, आद्विक सिंह, आरोही सिंह और आद्विक बरनवाल ने सहभागिता की। प्रदेश भर के विभिन्न जिलों से पहुंचे प्रतिभागियों के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा के माहौल में एनटीपीसी टांडा टेवा क्लब से जुड़े इन चारों खिलाड़ियों ने कोच वीरेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में अनुशासन, ऊर्जा और समर्पण के साथ खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया। टेवा क्लब एनटीपीसी के महासचिव सुरेंद्र सिंह ने आद्विक सिंह के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके अनुशासन, निष्ठा और उत्साह को भविष्य की बड़ी उपलब्धियों की नींव बताया।