अंबेडकरनगर जिला मुख्यालय स्थित डॉ. गणेश कृष्ण जेतली इंटर काॅलेज में निरीक्षण के दौरान शिक्षिका से पूछताछ करते जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव।
- फोटो : अमर उजाला
निर्वाचन कार्य में लापरवाही पाए जाने पर बूथों के निरीक्षण के दौरान डीएम ने शनिवार को दो बीएलओ का 15 दिन तथा आठ बीएलओ का 10 दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया। दो बीएलओ को कार्य में सुुधार लाए जाने की चेतावनी दी गई। डीएम ने सम्मोपुर प्राथमिक विद्यालय पर एमडीएम व साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर करने का निर्देश दिया व कहा कि पढ़ाई में कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
शुक्रवार को टांडा तहसील के बूथों का जायजा लेने के दौरान की गई कड़ी कार्रवाई के बाद डीएम ने शनिवार को अकबरपुर तहसील क्षेत्र के बूथों का विस्तार से निरीक्षण किया। अधिकारियों की टीम लेकर डीएम अकबरपुर नगर के बीएन इंटर कॉलेज पहुंचे। वहां उन्होंने बूथों को लेकर आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
लापरवाही पाए जाने पर बीएलओ के तौर पर तैनात आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अर्चना का 10 दिन का मानदेय, चुंगी मोहर्रिर केशवराम का 15 दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया। बीएलओ के तौर पर तैनात अनुदेशक आदेश प्रखर को कार्य में प्रगति लाए जाने के लिए चेतावनी दी।
डॉ. गणेश कृष्ण जेतली इंटर कॉलेज शहजादपुर में बीएलओ के पद पर तैनात आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मीना श्रीवास्तव, पूनम व रेनू का लापरवाही के चलते 10-10 दिन का मानदेय काटे जाने का निर्देश दिया। प्राथमिक विद्यालय अब्दुल्लापुर में बीएलओ के पद पर तैनात आंगनबाड़ी कर्मचारी रजनी सिंह, अनुदेशक विनय कुमार तथा प्राथमिक विद्यालय सम्मोपुर में बीएलओ के पद पर तैनात आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उर्मिला यादव का भी लापरवाही में 10 दिन का मानदेय काटे जाने का निर्देश डीएम ने दिया।
डीएम ने निर्वाचन कार्य से जुड़े कार्यों में शिथिलता पाए जाने पर उच्च प्राथमिक विद्यालय सिझौली में तैनात बीएलओ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ऊषा देवी का 15 दिन का मानदेय तथा प्राथमिक विद्यालय गोविंद गनेशपुर में तैनात बीएलओ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मधु त्रिपाठी का 10 दिन का मानदेय काटे जाने का निर्देश दिया।
सिझौलिया प्राथमिक विद्यालय में तैनात बीएलओ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता वंदना देवी को कार्य में प्रगति लाए जाने के लिए सचेत किया गया। डीएम ने निरीक्षण के दौरान सम्मोपुर प्राथमिक विद्यालय पर बीएसए को निर्देश दिया कि एमडीएम के साथ ही शिक्षा व साफ-सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाए।