अंबेडकरनगर जिला अस्तपताल में हादसे में अधिवक्ता की मौत के बाद जांच पड़ताल करने पहुंची पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
जिले में 24 घंटे के भीतर हुए अलग-अलग सड़क हादसों में अधिवक्ता समेत तीन लोगों की मौत हो गई। तीनों तेज रफ्तार वाहनों के शिकार हुए। अधिवक्ता के निधन को लेकर जनपद न्यायालय के अधिवक्ताओं ने शनिवार को शोक संवेदना भी व्यक्त की। अधिवक्ता अजय अपना दल के जिला उपाध्यक्ष भी थे जिसे लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने गहरी शोक संवेदना जताई।
थाना क्षेत्र अलीगंज अंतर्गत जमीनिया दहियावर गांव निवासी अधिवक्ता अजय पटेल (40) पुत्र हीरालाल रुकुनुद्दीनपुर गांव के एक वैवाहिक आयोजन में शामिल होकर शनिवार भोर में बाइक से घर लौट रहे थे। जब वह सम्मनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरियावन बाजार के निकट पहुंचे तो उन्हें बसखारी की तरफ से आ रही तेज रफ्तार जीप ने टक्कर मार दी। इससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना से मौके पर हड़कंप मच गया। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अधिवक्ता की मौत की जानकारी होते ही साथी वकीलों में शोक की लहर दौड़ गई। जनपद न्यायालय में बार एसोसिएशन अध्यक्ष की अध्यक्षता में शोकसभा की गई। इसमें दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई।
अजय अपना दल के जिला उपाध्यक्ष भी थे। ऐसे में अद मंडल अध्यक्ष आनंद हीराराम पटेल की अध्यक्षता में जिला मुख्यालय पर भी शोकसभा हुई जिसमें दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई।
उधर, बेवाना थाना क्षेत्र अंतर्गत अहेथिया गांव निवासी विजय कुमार (30) पुत्र महादेव शुक्रवार देर शाम बाइक से अकबरपुर से घर जाते समय बेवाना के निकट तेज रफ्तार किसी वाहन की टक्कर लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसने हेल्मेट नहीं लगा रखा था।
वहीं, जलालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अशरफपुर मजगवां गांव निवासी जियालाल (55) पुत्र धरमू शनिवार सुबह साइकिल से बाजार से घर जा रहा था। इसी दौरान बसखारी की तरफ से आ रही तेज रफ्तार जीप ने उसे रौंद दिया। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। परिवारीजन उसे लेकर नगपुर सीएचसी पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।