बसखारी (अंबेडकरनगर)। थाना क्षेत्र के भिटौरा उच्च प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका से तीन दिन पूर्व चेन लूटने के एक आरोपी को बसखारी पुलिस ने मंगलवार को तमंचा व कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी के पास से पुलिस ने 17 हजार रुपये भी बरामद किए। आरोपी के खिलाफ पूर्व में हत्या, लूट, गैंगस्टर, गुंडा एक्ट समेत अन्य गंभीर आरोप में आधा दर्जन मुकदमे पंजीकृत हैं।
बीती सात मई की सुबह भिटौरा उच्च प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका गीता चौधरी से एक बाइक पर सवार तीन बदमाश तमंचा से डरा धमकाकर सोने की चेन छीन कर फरार हो गए थे। शिक्षिका की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ लूट का मुकदमा पंजीकृत किया गया था। थानाध्यक्ष श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि सोमवार को गश्त के दौरान सूचना मिली कि कर्बला कासिमपुर नहर के पास एक संदिग्ध युवक खड़ा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रोकना चाहा तो वह भागने का प्रयास करने लगा। इस पर पुलिसकर्मियों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। कड़ाई से पूछताछ के दौरान युवक ने अपना नाम सुशील तिवारी निवासी पंथीपुर, थाना जलालपुर बताया। उसने शिक्षिका के साथ हुई लूट की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की। बताया कि उसके साथ राकेश कुमार निवासी रेवई व राकेश कुमार वर्मा निवासी इमिलिया थाना जलालपुर ने शिक्षिका से चेन लूटी थी।