जलालपुर (अंबेडकरनगर)। पैमाइश के नाम पर घूस लेते रंगे हाथ पकड़े गये लेखपाल श्रीराम को एसडीएम ने निलंबित कर दिया है। उधर, एंटी करप्शन टीम की ओर से केस दर्ज कराये जाने के बाद आरोपी लेखपाल को गोरखपुर जेल भेज दिया गया।
बीते दिनों जलालपुर तहसील क्षेत्र के सुल्तानपुर गोइथा गांव निवासी निन्हकू मौर्य को चकरोड की पैमाइश के लिए लेखपाल श्रीराम परेशान कर रहा था। एसडीएम के आदेश के बाद भी आनाकानी की जा रही थी। इस पर पीड़ित ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत कर दी थी। टीम ने गुरुवार को छापा मारकर आरोपी लेखपाल को घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। उसे तत्काल अकबरपुर कोतवाली ले आया गया।
यहां एंटी करप्शन टीम ने उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करा दी। शुक्रवार को कोतवाली पुलिस ने आरोपी लेखपाल को गोरखपुर जेल भेज दिया। दरअसल मामले की कोर्ट में सुनवाई गोरखपुर में ही होगी। उधर, घूस लेते रंगे हाथ पकड़े जाने को लेकर एसडीएम मोहनलाल गुप्त ने लेखपाल श्रीराम को निलंबित कर दिया है।