अंबेडकरनगर। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में एक महिला समेत चार लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक की हालत गंभीर बनी हुई है। जिला अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, सम्मनपुर थाना अन्तर्गत कुर्की निवासी रामकुमार (50) पुत्र बंसराम सोमवार देर शाम बाइक से अकबरपुर से घर जा रहा था। जब वह घर के पास पहुंचा तो उधर से गुजर रही जीप ने उसे चपेट में ले लिया। इससे उसे गंभीर चोटें आईं। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
मालीपुर थाना अन्तर्गत कन्नू का पूरा गांव निवासी नवनीत (25) पुत्र शेषचंद्र सोमवार देर शाम बाइक से मालीपुर से घर जाते समय गांव के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर लगने से घायल हो गया। सम्मनपुर थाना अन्तर्गत अशरफपुर निवासी रजनीश (20) पुत्र रामसुरेश मंगलवार सुबह बाइक से सम्मनपुर जाते समय बाजार के पास बाइक की टक्कर से घायल हो गया। पड़ोसी जनपद सुल्तानपुर के अखंडनगर थाना अन्तर्गत अखंडनगर निवासी राधिका (48) पत्नी जयप्रकाश मंगलवार सुबह उस समय बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गई, जब वह घर के पास सड़क पार कर रही थी। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां राधिका की हालत गंभीर बनी हुई है।