अंबेडकरनगर। बेवाना थाना अन्तर्गत रामपुर सकरवारी बाजार के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार वृद्ध को कुचल दिया। इससे उसे गंभीर चोटें आईं। जिला अस्पताल में प्रारंभिक इलाज के बाद उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। उधर, अन्य सड़क हादसों में पांच लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
जिला अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, पड़ोसी जनपद सुल्तानपुर के अखंडनगर निवासी रामबूझ (62) पुत्र मेवालाल सोमवार सुबह बाइक से अकबरपुर जा रहा था। जब वह बेवाना थाना अन्तर्गत रामपुर सकरवारी बाजार के पास पहुंचा तो उधर से गुजर रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे चपेट में ले लिया। घटना के बाद जब तक आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचते तब तक चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। घटना में गंभीर रूप से घायल वृद्ध को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर कर दिया गया।
हंसवर थाना अन्तर्गत सिंहपुर गांव निवासी वीरेंद्र (52) पुत्र शिप्रसाद व दीपमाला (25) पत्नी सुनील रविवार देर शाम एक ही बाइक से टांडा से घर जाते समय गांव के निकट जीप की टक्कर लगने से घायल हो गए। सम्मनपुर थाना अन्तर्गत अशरफपुर पचाउख गांव निवासी रजनीश (20) पुत्र रामसुमेर रविवार देर शाम बभनपुरा गांव के निकट बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया।
बसखारी थाना अन्तर्गत बसखारी निवासी लालजी (30) पुत्र इंद्रजीत सोमवार सुबह बाइक की टक्कर लगने से उस समय घायल हो गया, जब वह बाइक से बाजार की तरफ जा रहा था। बेवाना थाना अन्तर्गत बेवाना निवासी रामपलक (60) पुत्र नीमर सोमवार सुबह घर के निकट सड़क पार करने के दौरान बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रामपलक की हालत गंभीर बनी हुई है।