टांडा। पति के साथ बाइक से घर लौट रही महिला को टांडा कोतवाली अन्तर्गत संत गाडगे नगर के निकट ट्रैक्टर ने रौंद दिया। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर को अभिरक्षा में ले लिया, जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार टांडा कोतवाली अन्तर्गत हयातगंज निवासी लीलावती (26) बुधवार दोपहर करीब अपने पति सुरेश कुमार के साथ बाइक से टांडा से घर लौट रही थी। बताया जाता है कि जब वे संत गाडगेनगर के निकट पहुचे, तो इसी बीच बाइक फिसल गई, जिससे दोनों गिर पड़े। महिला सड़क की तरफ गिरी। इसी बीच पीछे से आ रहे ट्रैक्टर ट्रॉली ने उसे रौंद दिया।
इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद जब तक आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचते, तब तक चालक वाहन छोड़कर भाग खड़ा हुआ। इस बीच सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रॉली को अभिरक्षा में ले लिया। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी संजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में छानबीन की जा रही है।