अंबेडकरनगर कलेक्ट्रेट के निकट प्रदेश सरकार का पुतला फूंकते आप कार्यकर्ता।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। प्रयागराज के फाफामऊ में हुई घटना को लेकर रविवार को कलेक्ट्रेट पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सरकार का पुतला फूंककर विरोध जताया। उन्होंने कहा कि सरकार मामले में कार्रवाई करने में भेदभाव कर रही है। इस मामले में दोषियों को जल्द सजा मिले, इसके लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई करते हुए फांसी की सजा देनी चाहिए। बाद में अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन राज्यपाल को भेज दिया।
जिला मुख्यालय पर आम आदमी पार्टी के पंचायत प्रकोष्ठ अध्यक्ष विनय पटेल की अध्यक्षता में रविवार को पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इसके बाद सरकार का पुतला फूंककर फाफामऊ में दलित बेटी के साथ दुष्कर्म व हत्या करने के बाद उसके परिवार के तीन सदस्यों की जघन्य हत्या किए जाने का विरोध जताया। पदाधिकारियों ने कहा कि फाफामऊ की इस घटना में सरकार पारदर्शी तरीके से काम नहीं कर रही है। इस मामले की सुनवाई अविलंब फास्ट ट्रैक कोर्ट में होनी चाहिए और दोषियों को फांसी की सजा दी जानी चाहिए। बाद में पदाधिकारियों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन राज्यपाल को भेजा। इस मौके पर राजेंद्र वर्मा, मूलचंद्र जायसवाल, समीर चौधरी, डॉ. बसंतराम शर्मा, संजय वर्मा, कासिम अब्बास, माधव प्रसाद आदि मौजूद रहे।