अंबेडकरनगर कलेक्ट्रेट के निकट अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते आप पार्टी के कार्यकर्ता।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। जलजीवन मिशन में बड़े घोटाले का आरोप लगाते हुए आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कलेक्ट्रेट के निकट मटका फोड़कर प्रदर्शन किया। नाराज कार्यकर्ताओं का कहना था कि केंद्र सरकार की इस योजना के क्रियान्वयन में प्रदेश में करोड़ों का घोटाला किया गया है। ऐसी कंपनियों को कार्य दे दिया गया है, जो पहले से ही ब्लैक लिस्टेड हैं। पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने के साथ ही दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गयी। चेतावनी दी गयी कि यदि शीघ्र उनकी मांगों का निस्तारण नहीं हुआ, तो सड़क से सदन तक आंदोलन छेड़ा जाएगा।
आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता जिला संयोजक राजेंद्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में बुधवार को सुबह 11 बजे करीब हाथों में मिट्टी का मटका लेकर कलेक्ट्रेट के निकट पहुंचे। यहां उन्होंने मटका फोड़कर सरकार विरोधी नारेबाजी के साथ प्रदर्शन कर धरना दिया। जिला संयोजक राजेंद्र ने कहा कि बीते दिनों ही जलजीवन मिशन योजना में उत्तर प्रदेश में बड़ा घोटाला सामने आया है। योजना के तहत गांव गांव, घर घर तक पानी पहुंचाने के लिए केंद्र से उत्तर प्रदेश को 1.20 हजार करोड़ की राशि प्राप्त हुई थी। योजना के तहत जिन कार्यदायी संस्था को जिम्मेदारी सौंपी गयी वह सभी पहले से ही ब्लैक लिस्टेड हैं।
कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के जलशक्ति मंत्री पर ब्लैक लिस्टेड कंपनियों को काम दिए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की जानी चाहिए। आप नेता राकेश वर्मा, सुनील चौधरी, जितेंद्र, शिवम, लल्लन विश्वकर्मा, अच्छेलाल, रामसूरत, रोहित, चंद्रसेन ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार तेजी से बढ़ रहा है। इस पर अंकुश लगाने में सरकार पूरी तरह से नाकाम साबित हो रही है। चेतावनी देते हुए कहा गया कि यदि शीघ्र ही जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की गई आप कार्यकर्ता सड़क से सदन तक प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।