अंबेडकरनगर। नगर के एके पब्लिक स्कूल के पास शनिवार को तमसा नदी में नहाने गए किशोर की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सौरभ राजभर (12) के रूप में हुई है। मृतक प्राथमिक विद्यालय मिर्जापुर में कक्षा छह का छात्र था। वहीं उसके दोस्त लकी को स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
मृतक के चाचा दीपक राजभर के मुताबिक भतीजा सौरभ अपने दोस्त लकी व अन्य दोस्तों के साथ नदी के किनारे गए थे। इसके बाद सौरभ , लक्की व उसके अन्य दोस्त पानी में नहाने के लिए उतरे और गहरे पानी में चले जाने से चिल्लाने लगे। स्थानीय लोगों ने रस्सी की मदद से लकी को बाहर निकाल लिया, लेकिन सौरभ नदी में डूब गया।
नदी से निकालने के बाद लकी दौड़कर सौरभ के घर पहुंचा और नदी में डूबने की सूचना दी। सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया।
एसडीएम प्रतीक्षा सिंह, सीओ सिटी नितेश तिवारी सहित भारी संख्या में लोग पहुंचे। बताया कि जहांगीरगंज से चार गोताखोर बुलाए गए। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद शव को बरामद किया गया।
जलकुंभी बनी बाधा : नदी जलकुंभी से पटी है। इस कारण डूबने के सटीक स्थान की पहचान नहीं हो सकी।