अंबेडकरनगर। अहिरौली इलाके में वर्ष 2025 के अपहरण, दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट के मामले में जिला कारागार में निरुद्ध बंदी सीतापुर के सुधाकर की मौत के बाद मंगलवार को तीन डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। रिपोर्ट में मौत के कारण पता न चलने पर विसरा सुरक्षित कर लिया गया है। उधर, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
अहिरौली के एक व्यक्ति ने 27 अप्रैल 2025 को पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि उनकी 19 वर्षीय पुत्री सुबह आठ बजे घर से खेत जाने के लिए कहकर निकली थी लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटी थी। पिता की तहरीर पर सुधाकर निवासी जवाहर बेहड़ मजरा सिसहिया थाना तंबौर जनपद सीतापुर के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने एक मई 2025 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
इसके बाद से आरोपी जेल में ही निरुद्ध था। सोमवार को तबीयत खराब होने के बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया था। राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में मंगलवार को डॉ. अजय, डॉ. योगेश शर्मा और डॉ. राजीव कुमार रंजन के पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम किया। इसके बाद सीतापुर से पहुंचे मृतक के भाई संत कुमार, ग्राम प्रधान व ममेरे भाई रामनरेश भतीजे श्रवण कुमार, मन्नूलाल चौरसिया व नंदराम को शव सुपुर्द कर दिया।
रिपोर्ट में मौत के कारणों का पता नहीं चल पाने पर विसरा सुरक्षित कर लिया गया है। सीओ सिटी नितीश कुमार तिवारी ने बताया कि शव परिजन अपने साथ लेकर चले गए हैं।