जलालपुर (अंबेडकरनगर)। कटका क्षेत्र में सोमवार को लेवलर मशीन की चपेट में आने से किसान की माैत हो गई, वहीं देर रात जलालपुर क्षेत्र में छत से गिरने से एक वृद्ध की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया है।
कटका के चितई पट्टी निवासी रणवीर (45 वर्ष) सोमवार सुबह घर से करीब तीन किलोमीटर दूर नदी के किनारे मशीन से अपना खेत समतल कर रहे थे। इसी बीच लेवलर मशीन में तकनीकी खराबी आ गई। इंजन चालू कर उसे ठीक कर रहे थे। इसी दौरान समतल करने का यंत्र हाइड्रोलिक गिरने से उसकी चपेट में आने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
खेत से कुछ दूरी पर मौजूद ग्रामीणों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिजनों ने उन्हें निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद से पत्नी मीना देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक का बड़ा बेटा शिवम (18 वर्ष) इंटर में और छोटा बेटा शुभम (15 वर्ष) कक्षा 10 में हैं।
दूसरी घटना जलालपुर के अशरफपुर मजगवा की है। गांव निवासी रामचरन (65 वर्ष) सोमवार की रात खाना खाने के बाद परिवार के साथ छत पर सोने चले गए थे। देर रात लघुशंका करने के लिए उठे और संतुलन बिगड़ने से छत से नीचे गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन फानन परिजन पहले निजी अस्पताल लेकर गए, फिर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर ले गए। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
रामचरन जलालपुर बाजार में कपड़ा सिलाई का काम कर अपनी जीविका चलाते थे। पति की मौत की खबर मिलते ही पत्नी सुभावती देवी बेसुध हो गईं। बेटे रमन के अलावा बेटी आशा, निशा, आरती, ज्ञानमती और गुंजन का विवाह हो चुका है। सबसे छोटी बेटी नेहा लखनऊ में मेडिकल की पढ़ाई कर रही है। सीओ अनूप सिंह ने बताया कि दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।