अंबेडकरनगर। मुख्यालय समेत पूरे जिले में गुरुवार को एटीएम सेवाओं ने लगभग पूरी तरह उपभोक्ताओं का साथ छोड़ दिया। चुनाव ड्यूटी के चलते बैंकों में दो दिन से काम नहीं हुआ है। कर्मचारियों के चुनाव ड्यूटी में लगने का असर यह हुआ कि गुरुवार को 12 से अधिक एटीएम दिन भर निष्क्रिय रहे। इससे दूरदराज से धन निकालने पहुंचेे उपभोक्ताओं को खासी दिक्कत हुई। सर्वाधिक परेशानी उन्हें हुई, जिनके घर में वैवाहिक व अन्य आयोजन होने हैं।
गौरतलब है कि अकबरपुर नगर समेत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बैंकिंग सेवा पिछले दो-तीन दिनों से बेपटरी हो गई है। ऐसा बैंक कर्मचारियों की ड्यूटी चुनाव में लग जाने की वजह से हुआ है। इस बीच उपभोक्ताओं को 24 घंटे पैसा उपलब्ध कराने को लगे एटीएम भी दगा दे गए। कर्मचारियों के चुनाव ड्यूटी में होने के कारण मशीनों में धन की उपलब्धता नहीं हो पा रही है। इसके अलावा कहीं धनाभाव के चलते मशीन बंद है तो कहीं नेटवर्क व अन्य तकनीकी खराबी उपभोक्ताओं के लिए मुसीबत बनकर सामने आई है। फैजाबाद रोड स्थित एसबीआई, पीएनबी व बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम के अलावा एसबीआई की मुख्य शाखा के निकट, रेलवे स्टेशन के निकट स्थापित एसबीआई के एटीएम ठप रहे। बैंक ऑफ बड़ौदा का बस स्टेशन पर लगा एटीएम भी उपभोक्ताओं की मदद नहीं कर सका। बैंक ऑफ इंडिया का सर्किट हाउस के सामने, पटेलनगर स्थित एचडीएफसी का एटीएम भी उपभोक्ताओं को छकाता रहा। शहजादपुर में यूनियन बैंक समेत अन्य बैंक के एटीएम भी उपभोक्ताओं के लिए सिरदर्द बनकर सामने आए।
जिन परिवारों में वैवाहिक व अन्य आयोजन होने हैं, उन्हें खासी दिक्कत हुई। एटीएम से रकम निकालकर खरीदारी की उम्मीद पाले उपभोक्ताओं को तगड़ा झटका लगा है। दूरदराज से एटीएम से पैसा निकालने की गरज से पहुंचे लोगों को काफी दिक्कत हुई। उपभोक्ताओं को मायूस होकर घर लौटना पड़ा।
बेवाना थाना क्षेत्र के भूपत यादव गुरुवार को एसबीआई की मुख्य शाखा के बगल स्थित एटीएम के पास मिले। उन्होंने बताया कि वे चौथे एटीएम पर पहुंचे हैं, यहां भी पैसा नहीं निकल सका। कटेहरी के राजेंद्र तिवारी ने बताया कि वे बुधवार से ही एटीएम का चक्कर काट रहे हैं। 11 मई को उनके भाई की शादी है। अभी ज्यादातर सामान की खरीदारी बाकी है। एक-एक कर दिन बीत रहा है। उन्हें दूसरे से उधार लेकर सामान की खरीदारी करनी पड़ रही है। इसके बाद भी बैंक प्रबंधन इस तरफ ध्यान नहीं दे रहा है। सहालग के मौसम को देखते हुए बेहतर बैंकिंग सेवा होनी चाहिए।