अंबेडकरनगर। निवेशकों का रकम लेकर पूर्व में फरार हो चुकी एक बैंकिंग कंपनी के ब्रांच मैनेजर समेत दस के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर महरुआ पुलिस ने केस दर्ज िकया है। उधर अकबरपुर में भी तमाम निवेशकों ने एकजुट होकर कंपनी के कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। शाखा प्रबंधक को जेल भ्ाेजा गया है।
बीते दिनों एक बैंकिंग कंपनी निवेशकों का रकम लेकर फरार हो चुकी थी। इसके बाद भी कुछ लोग कंपनी का संचालन चोरी छिपे कर रहे थे। इस मामले में दो दिन पूर्व महरुआ के ब्रांच मैनेजर रमेश यादव को कुछ लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस को दे दिया था। पुलिस ने काफी छानबीन की। इसके बाद एक उपभोक्ता महावीर जायसवाल की तहरीर पर पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली। इसमें दो अन्य उपभोक्ताओं की पासबुक का विवरण भी दिया गया है। पुलिस के मुताबिक तीनों उपभोक्ताओं को मिलाकर प्राथमिकी में तो लगभग तीन लाख की ही रकम दर्ज है, लेकिन इसमें और वृद्धि हो सकती है। महरुआ पुलिस ने इस बीच प्राथमिकी दर्ज होने के बाद आरोपी ब्रांच मैनेजर का धोखाधड़ी मामले में चालान कर दिया। एसओ ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि रैमल इंडस्ट्रीज के शाखा प्रबंधक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज हुई है। मामले में विवेचना की जा रही है। उधर अकबरपुर में भी कई निवेशकों ने पुराने तहसील तिराहे स्थित कार्यालय पर एकत्र होकर प्रदर्शन किया। कहा कि कंपनी के अधिकारियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जानी चाहिए। कंपनी बहुत पहले ही फरार हो चुकी है। इसके बावजूद अधिकारी कार्रवाई करने से कतरा रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि निष्पक्ष ढंग से जांच हो, तो करोड़ों रुपये की हेराफेरी सामने आ सकती है। उधर एएसपी लालसाहब सिंह यादव ने कहा कि मामले में सभी आवश्यक कार्रवाई तय कराई जाएगी।