फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छात्र को चोर बता प्रधानाध्यापक ने पीटा

Tue, 11 Mar 2014 05:30 AM IST
AmbedkarNagar
विज्ञापन
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। चोरी के आरोप में सोमवार को जूनियर परिषद विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने प्राथमिक विद्यालय के कक्षा पांच के छात्र को कमरे में बंधक बनाकर जमकर पीटा। मां के साथ मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने उसे छुड़ाया। छात्र की मां ने बीएसए को शिकायती पत्र देकर प्रधानाध्यापक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं जलालपुर थाने में तहरीर दी है। बताया कि पिटाई से बेटे की हालत गंभीर है।
विज्ञापन

मीरापुर गांव निवासी आरिफ गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा पांच का छात्र है। प्राथमिक विद्यालय व जूनियर हाईस्कूल एक ही परिसर में स्थित है। सोमवार को जूनियर हाईस्कूल के एक कमरे का ताला टूटा मिला था। बताया जाता है कि शक के आधार पर जूनियर हाईस्कूल के प्रधानाध्यापक नईम खान ने प्राथमिक विद्यालय के छात्र आरिफ को बुलवाया। आरोप है कि इसके बाद उसे एक कमरे में बंद कर प्रधानाध्यापक ने उसकी जमकर पिटाई की। इसकी जानकारी कुछ बच्चों ने प्राथमिक विद्यालय के शिक्षकों को दी। मौके पर पहुंचे प्राथमिक विद्यालय के शिक्षकों ने बच्चे को छोड़ने के लिए कहा। इस पर प्रधानाध्यापक की शिक्षकों से भी कुछ झड़प हो गई। इस बीच सारे घटनाक्रम की जानकारी बच्चों के माध्यम से आरिफ के परिवारीजन व ग्रामीणों तक पहुंच गई। इस पर आरिफ की मां अख्तरुल निशा के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण विद्यालय पहुंच गए। ग्रामीणों का आक्रोश देख बच्चे को छोड़ दिया गया। पिटाई से बच्चे की हालत गंभीर हो गई। विद्यालय से आरिफ को लेकर आक्रोशित ग्रामीण और छात्र की मां अख्तरुल निशा ने जलालपुर थाने पहुंचकर प्रधानाध्यापक के खिलाफ तहरीर दी। इसके बाद बीएसए को भी कार्रवाई के लिए प्रार्थना पत्र दिया।
प्रधानाध्यापक द्वारा चोरी के शक में मासूम छात्र की पिटाई का मामला संज्ञान में आया है। इसकी जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।-अरुण कुमार यादव, खंड शिक्षा अधिकारी
विज्ञापन

पूरा मामला अभी मेरे संज्ञान में नहीं है। इस बारे में जानकारी कराऊंगा। अगर तहरीर दी गई है तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। -चंद्रभान यादव, एसओ
विद्यालय में तीन बार ताले टूट चुके हैं। लोगों से मिली जानकारी पर मैने छात्र आरिफ को बुलाकर पूछताछ की थी। मारपीट का आरोप पूरी तरह झूठा है।- नईम खान, प्रधानाध्यापक
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें