महरुआ। अकबरपुर महरुआ मार्ग से होकर घर जा रहे पूर्वमंत्री धर्मराज निषाद गुरुवार को सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। पूर्व मंत्री की स्कार्पियो गाड़ी में तेज रफ्तार में जा रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। इसके बाद चालक ने भागने की कोशिश की मगर ट्रक महरुआ बाजार में पेट्रोल पंप के पास खड़ी गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गया। इससे ट्रैक्टर के साथ ही ट्रक भी क्षतिग्रस्त हो गया।
गुरुवार शाम को पूर्व मंत्री धर्मराज निषाद अपनी स्कार्पियो गाड़ी से अकबरपुर महरुआ मार्ग होकर घर जा रहे थे। इसी बीच अकबरपुर की तरफ से महरुआ आ रहे एक ट्रक ने पहितीपुर रोड पर रामसमुझ सूरसती महाविद्यालय के पास स्कार्पियो में टक्कर मार दी। पूर्व मंत्री व उनका चालक इसमें बाल-बाल बच गए। टक्कर मारने के बाद चालक ने ट्रक की गति और तेज कर ली। भागने के चक्कर में ट्रक महरुआ बाजार में पेट्रोल पंप के पास खड़े ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गया। इससे ट्रैक्टर व ट्रक क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में ट्रक का क्लीनर घायल हो गया। जबकि चालक मौके से भाग निकला। जानकारी मिलने पर ट्रैैक्टर मालिक रामकरन सिंह मौके पर पहुंचे और दुर्घटना की सूचना महरुआ पुलिस को दी। पुलिस ने घायल क्लीनर को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया है। ट्रैक्टर मालिक ने ट्रक चालक के खिलाफ तहरीर दी है। ट्रक सुल्तानपुर निवासी शहाबुद्दीन का बताया जा रहा है। रात तक मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई थी।