फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वसूली पर भड़के विद्यार्थी, लगाया जाम

Tue, 07 Jan 2014 05:44 AM IST
AmbedkarNagar
विज्ञापन
विज्ञापन
राजेसुल्तानपुर। अवैध वसूली से नाराज महर्षि योगराज देवरहवा बाबा महाविद्यालय तेंदुआईकला के छात्र-छात्राओं ने सोमवार को तेंदुआईकला बाजार पहुंचकर मार्ग जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। छात्रों को समझाने-बुझाने पहले थाने की पुलिस पहुंची, लेकिन कोई असर नहीं हुआ। बाद में पहुंचे एसडीएम आलापुर ने भरोसा दिलाया कि किसी प्रकार की वसूली नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने प्राचार्य को मौके पर बुलवाया। विद्यार्थियों की मांग पर प्राचार्य ने अतिरिक्त शुल्क वापस करने एवं प्रत्येक फीस की रसीद देने का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद ही विद्यार्थी शांत हुए और प्रदर्शन समाप्त किया।
विज्ञापन

बीते दिनों तहसील क्षेत्र के ही एक महाविद्यालय में वसूली को लेकर छात्रों के हंगामे का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब महर्षि योगराज देवरहवा बाबा महाविद्यालय तेंदुआईकला के छात्र-छात्राओं का हुजूम कॉलेज प्रशासन के विरोध में सड़क पर उतर आया। सोमवार को बड़ी संख्या में एकत्र छात्र-छात्राएं विद्यालय से निकलकर तेंदुआईकला बाजार पहुंच गए और मार्ग जाम कर दिया। उन्होंने कॉलेज प्रशासन पर वसूली का आरोप लगाया। कहा कि प्रवेश फॉर्म से लेकर रजिस्ट्रेशन व परिचय पत्र के नाम पर वसूली की गई। इसके बदले उन्हें कोई रसीद भी नहीं दी गई। इतना ही नहीं पुरानी प्रयोगात्मक फाइल देकर छात्र-छात्राओं से 150 रुपये की वसूली की गई। जिन्होंने धन देने से इंकार किया, उनके साथ कॉलेज प्रशासन द्वारा अभद्रता की गई और परीक्षा में फेल करने की धमकी दी जा रही है। इसके अलावा प्रयोगात्मक परीक्षा के नाम पर भी प्रति छात्र 500 रुपये की वसूली की जा रही है। छात्रों ने कॉलेज प्रशासन पर मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि विभिन्न प्रकार की सुविधाएं देने के नाम पर उनसे धन तो ले लिया गया, लेकिन कोई सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई। न तो कॉलेज में प्रसाधन कक्ष है और न ही शुद्ध पेयजल की ही सुविधा उपलब्ध है। एक हैंडपंप लगा भी है, लेकिन वह ठीक ढंग से कार्य नहीं कर रहा है।
जाम की सूचना मिलने पर प्रभारी एसओ राजेसुल्तानपुर नागेंद्र सिंह व एसओ जहांगीरगंज आरएन रवि दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्र- छात्राओं को समझाने बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस पर एसडीएम आलापुर सत्यप्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्र- छात्राओं की मांग पर कॉलेज प्राचार्य डॉ. अनिल मिश्र को धरनास्थल पर बुलवाया। मौके पर पहुंचे प्राचार्य ने छात्र-छात्राओं को लिखित आश्वासन दिया कि यदि उनसे अधिक शुल्क लिया गया है, तो उसे वापस किया जाएगा। प्रत्येक फीस की रसीद दी जाएगी। इसके अलावा प्रवेश फॉर्म व रजिस्ट्रेशन के नाम पर कोई फीस नहीं ली जाएगी। इस आश्वासन के बाद लगभग चार घंटे चला जाम समाप्त हो गया। इस दौरान छात्र वेदप्रकाश सिंह, प्रवीण कुमार, राकेश मिश्र, हरेंद्र कुमार, अमित सिंह, प्रमोद अग्रहरि, रवि कुमार, अखिलेश, रीना वर्मा, बबिता प्रजापति, गुंजा कन्नौजिया, रेनू वर्मा, कविता गोस्वामी, सुषमा, रीमा, रेखा, मनोज आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें