अंबेडकरनगर। प्रभारी जिला खाद्य विपणन अधिकारी ज्ञानचंद्र वर्मा को मोबाइल पर दी गई धमकी के बाद उन्हें दो सुरक्षा कर्मी उपलब्ध करा दिए गए हैं। शुक्रवार देर सायं इस मामले में दर्ज हुई प्राथमिकी के बाद पुलिस ने संबंधित मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगा दिया है। धमकी के कारणों का पता लगाने में पुलिस जुटी हुई है।
टांडा के वरिष्ठ विपणन निरीक्षक तथा प्रभारी जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी ज्ञानचंद्र वर्मा के मुताबिक बीते दिनों उन्हें उनके मोबाइल नंबर पर एक व्यक्ति ने फोन कर धमकी दी थी। उनसे दो लाख रुपये देने को भी कहा गया था। उन्होंने पूरे मामले की जानकारी एसपी को दी। इसके बाद अकबरपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। शनिवार को एसपी गोविंद अग्रवाल ने बताया कि विपणन अधिकारी को एहतियातन दो पुलिसकर्मी उपलब्ध करा दिए गए हैं। बताया कि संबंधित मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगवा दिया गया है। एसपी ने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि फोन करने वाले का उद्देश्य क्या था। पूरी जानकारी एकत्र कराई जा रही है। बताया कि इस मामले में जल्द ही आवश्यक जानकारी दी जाएगी। बताते चलें कि जिले में पिछले कुछ समय से फोन कर रंगदारी मांगने के तमाम मामले सामने आ चुके हैं। ऐसे सभी फोन पर मंडल कारागार में निरुद्ध शातिर बदमाश दिलीप वर्मा के नाम का उल्लेख किया गया। हालांकि कुछ मामलों में यह बात भी सामने आई कि सिर्फ सनसनी फैलाने के लिए ही दिलीप वर्मा के नाम का इस्तेमाल किया गया।