महरुआ। महरुआ से भीटी के लिए सवारी लेकर जा रहे एक जीप चालक को बाइक सवार बदमाशों ने जीप से खींच कर सड़क पर गिरा लिया। उसकी जमकर धुनाई कर जेब में रखे चार हजार रुपये लूट लिए। उसकी गुहार पर जब तक आसपास के लोग पहुंचते तब तक हमलावर मौके से भाग निकले। पीड़ित ने घटना की तहरीर महरुआ थाने में दे दी है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के सेहरा जलालपुर निवासी राममनी सिंह पुत्र सुखराम स्वयं की जीप चलाता है। वह महरुआ बाजार से भीटी के लिए सवारी लाने व ले जाने का काम करता है। शुक्रवार को वह महरुआ से सवारी लेकर अपराह्न करीब 3 बजे भीटी की तरफ जा रहा था। इसी बीच मुकुंदीपुर केवटाही के पास पीछे से आये दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने जीप को रुकवा लिया। बाइक खड़ी कर चारों बदमाशों ने अचानक चालक को जीप से बाहर खींच सड़क पर गिरा लिया और पिटाई करना शुरू कर दिया। इस घटना से जीप में बैठे यात्री हतप्रभ रह गए। चालक की गुहार पर जब तक इर्दगिर्द के ग्रामीण एकत्र होते, तब तक हमलावर भाग निकले। चालक के मुताबिक हमलावरों ने जाते समय उसके पास मौजूद चार हजार रुपये भी लूट लिए।
घटना के बाद चालक जीप सहित वापस लौटा और पूरे घटनाक्रम की जानकारी महरुआ पुलिस को दी। उसने घटना की तहरीर पुलिस को दे दी है। इसमें कुछ लोगों का नाम भी बताया गया है। थाना प्रभारी सुशील यादव का दावा है कि लूट की कोई घटना नहीं है। चालक की पिटाई उसके ही गांव के कुछ लोगों ने किसी विवाद में की है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।