अंबेडकरनगर। नायब तहसीलदार द्वारा विधायक पर धमकी देने के आरोप से रविवार को खासी हलचल रही। प्रशासनिक अधिकारी दिनभर मीडिया से बचते रहे। तमाम संगठनों ने एनटी के समर्थन का ऐलान किया है। जबकि विधायक ने किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार करने से इंकार किया है।
अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष श्याम बहादुर त्रिपाठी और लेखपाल संघ के अध्यक्ष सुभाष ने बताया कि नायब तहसीलदार आलापुर के समर्थन में सोमवार को एक बैठक बुलाई गई है। जिसमें उक्त अधिकारी के उत्पीड़न को लेकर हड़ताल और आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी। दोनों पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि उत्पीड़न किसी भी कीमत पर बर्दास्त नहीं किया जाएगा। वहीं विधायक आलापुर भीमप्रसाद सोनकर ने रविवार को सारे आरोपों को निराधार और गलत बताया। दावा किया कि उन्होंने नायब तहसीलदार से कोई दुर्व्यवहार नहीं किया है। उनका आरोप है कि एनटी एक दल विशेष से प्रभावित होकर कार्य कर रहा है।