अंबेडकरनगर। चारों तरफ उल्लास, उमंग और लोगों के चेहरे पर खुशी झलक रही थी। कहीं से भी नहीं लग रहा था कि महंगाई डायन बाजार पर हावी है। बर्तन, ज्वैलरी, रेडीमेड या फिर जूता चप्पल की दुकान, सभी पर रविवार को धनतेरस की खरीदारी करने के लिए भीड़ उमड़ी। सभी छोटी-बड़ी दुकानों पर प्रात: से ही खरीदारों की लाइन लगने ली। यह सिलसिला सायं तक चलता रहा है। बाइक व ट्रैक्टरों की भी खरीदारी लोगों ने बढ़ चढ़कर की। ग्राहकोें को आकर्षित करने के लिए दुकानदारों ने भी तरह-तरह के ऑफर दिए गए। जिले में लगभग 7 करोड़ रुपये का कारोबार धनतेरस के मौके पर हुआ।
रविवार को महिला, पुरुष, वृद्ध, जवान तथा बच्चे सभी के चेहरे पर धनतेरस का खुमार पूरी तरह हावी था। दुकानों पर लगी ग्राहकों की लंबी लाइन को देखकर लग ही नहीं रहा था कि महंगाई का कोई असर लोगों पर है। कोई न कोई सामान खरीदने को शुभ मानते हुए बड़ी संख्या में लोग अपने घरों से निकले। यही कारण रहा कि प्रात: से जो दुकानों पर खरीदारों की लंबी लाइन लगी, वह देर सायं तक चलती रही।
अकबरपुर की मुख्य बाजार शहजादपुर में बर्तन की दुकान पर मिले अकबरपुर नगर के दीप कुमार ने बताया कि उन्होंने कड़ाही व बाल्टी खरीदी है। कहा कि हालांकि विगत वर्ष की अपेक्षा इस बार इन सामानों के दाम में काफी वृद्धि हुई है, लेकिन शुभ के लिए खरीददारी तो करनी ही है। फैजाबाद रोड के गोपाल गौंड ने कहा कि महंगाई के बावजूद उन्होंने जमकर खरीददारी की। कहा कि उन्होंने कुकर, पानी की टंकी व बच्चों के लिए कपड़े खरीदे है। नई सड़क स्थित एक रेडीमेड की दुकान पर युवा मुकुल श्रीवास्तव ने बताया कि उन्होंने जींस खरीदने के लिए आज ही का दिन चुना, क्योंकि धनतेरस के दिन खरीदारी करना शुभ माना जाता है। श्रृंगार की दुकान पर मौजूद पूजा व सीमा ने बताया कि धनतेरस पर्व उल्लास का पर्व है। वह इसका पूरी तरह आनंद उठा रही हैं। इसी प्रकार जूता चप्पल व अन्य सामानों की दुकानों पर लोगों ने बढ़ चढ़कर खरीददारी की।