अंबेडकरनगर। जिले में 897 ग्राम पंचायतों की लगभग 17 लाख आबादी के लिए राहत की खबर है। अब उन्हें जन्म, मृत्यु समेत विभिन्न प्रकार के प्रमाणपत्र के लिए जनसेवा केंद्र, ब्लॉक मुख्यालय से लेकर जिला मुख्यालय तक की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। अब मिनी सचिवालय से ग्रामीण विभिन्न प्रकार के प्रमाणपत्र निशुल्क हासिल कर सकेंगे। दरअसल बीते समय प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले पंचायत सहायकों की तैनाती संबंधित ग्राम पंचायत के मिनी सचिवालय में कर दी गई है। 15 दिसंबर से सभी पंचायत सहायकों ने कार्य प्रारंभ कर दिया है।
ग्रामीणों को जन्म, मृत्यु समेत विभिन्न प्रकार के प्रमाणपत्र के लिए जनसेवा केंद्र के अलावा ब्लॉक व जिला मुख्यालय तक की दौड़ न लगानी पड़े, इसके लिए बीते दिनों मिनी सचिवालय में पंचायत सहायकों की तैनाती किए जाने की घोषणा शासन ने की थी। विभिन्न प्रकार की औपचारिकताओं के बाद बीते दिनों ही पंचायत सहायकों को मिनी सचिवालय में तैनाती दी गई थी। इस बीच नव नियुक्त पंचायत सहायकों को लोहिया भवन सभागार में ग्राम पंचायत में होने वाले विकास कार्य, खुली बैठक, ऑनलाइन प्रमाणपत्र समेत विभिन्न प्रकार की जानकारियां दी गई थीं। प्रशिक्षण का कार्य पूरा होने के बाद 15 दिसंबर से सभी पंचायत सहायकों ने संबंधित ग्राम पंचायत में पहुंचकर मिनी सचिवालय में काम प्रारंभ कर दिया।
डीपीआरओ कार्यालय के कर्मचारी संजीत पटेल ने बताया कि जिले की 897 ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायकों ने 15 दिसंबर से कार्य प्रारंभ कर दिया है। बताया कि पंचायत सहायकों की तैनाती के बाद अब संबंधित ग्राम पंचायत के ग्रामीण मिनी सचिवालय से जन्म, मृत्यु, आय, जाति, निवास आदि प्रमाणपत्र निशुल्क हासिल कर सकेंगे। इसके अलावा स्वच्छ भारत मिशन योजना से संबंधित, आवासीय योजना, पेंशन योजना समेत ग्राम पंचायत स्तरीय जानकारियां आसानी के साथ मिनी सचिवालय से प्राप्त की जा सकेंगी। मिनी सचिवालय में पंचायत सहायकों के कार्य करने से लगभग 17 लाख आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। बताया कि जिले में 902 ग्राम पंचायतें हैं। इसकी तुलना में 897 ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायक की तैनाती की गई है। शेष 5 ग्राम पंचायतों में विभिन्न कारणों से पंचायत सहायकों की तैनाती नहीं की जा सकी है। शीघ्र ही संबंधित ग्राम पंचायतों में भी पंचायत सहायकों की तैनाती कर दी जाएगी।
ग्रामीण निशुल्क प्राप्त कर सकते हैं प्रमाणपत्र
जिले की 897 ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायकों ने 15 दिसंबर से कार्य प्रारंभ कर दिया है। शेष 5 ग्राम पंचायतों में भी शीघ्र ही पंचायत सहायकों की तैनाती कर दी जाएगी। पंचायत सहायकों की तैनाती के बाद अब ग्रामीण मिनी सचिवालय से निशुल्क विभिन्न प्रकार के प्रमाणपत्र हासिल कर सकते हैं।
-अवनीश कुमार श्रीवास्तव, डीपीआरओ