अंबेडकरनगर। तमसा नदी को प्रदूषण मुक्त करने के लिए बड़ी पहल शुरू की गई है। तैयारी यह है कि नालों के माध्यम से तमसा नदी में गिरने वाला गंदा पानी अब फिल्टर होकर गिरेगा। अकबरपुर नगर पालिका परिषद ने तमसा नदी को प्रदूषण से बचाने के लिए नगर के छह बड़े नालों पर बायोमीट्रिक फिल्टर लगाने की घोषणा की है। 15वें वित्त आयोग के तहत 89 लाख रुपये इस पर खर्च होंगे। इसके लिए जरूरी प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। संभावना है कि नवंबर के अंत तक टेंडर आदि की प्रक्रिया के बाद दिसंबर के मध्य तक सभी चिह्नित छह बड़े नालों पर बायोमीट्रिक फिल्टर लगा दिए जाएंगे। नगर पालिका परिषद प्रशासन की इस घोषणा की अकबरपुर नगर के नागरिकों ने बढ़-चढ़कर सराहना की है।
लगातार प्रदूषित हो रहे तमसा नदी के जल को प्रदूषण से बचाने के लिए बीते कुछ समय से न सिर्फ विभिन्न सामाजिक संगठन, बल्कि आम नागरिक भी आवाज उठा रहे थे। अकबरपुर नगर पालिका परिषद प्रशासन भी लगातार जरूरी कदम उठा रहा है। अकबरपुर नगर से होकर गुजरने वाली तमसा नदी को प्रदूषण से बचाने के लिए बीते दिनों नदी की सफाई भी वृहद पैमाने पर कराई गई थी। बीते दिनों सर्वे में पाया गया कि तमसा नदी के जल के प्रदूषित होने का मुख्य कारण विभिन्न मोहल्लों का गंदा पानी बड़े नालों से होते हुए नदी में गिरना है। इससे कई बार प्रदूषण के चलते बड़ी संख्या में अक्सर मछलियां मर जाया करती हैं।
इसे गंभीरता से लेते हुए अकबरपुर नगर पालिका परिषद ने बड़ा निर्णय लेते हुए नदी को प्रदूषण से बचाने के लिए ठोस कदम उठाया है। नगर पालिका परिषद अकबरपुर के कर्मचारी अनूप कुमार ने कहा कि अकबरपुर नगर में विभिन्न मोहल्लों का गंदा पानी छह स्थानों पर बड़े नालों के माध्यम से नदी में गिरता है। जो बड़े नाले चिह्नित किए गए हैं, उनमें उद्यान विभाग के निकट, चूना भट्ठी, शिवालय घाट, तमसा पुल, गदायां, ओवरब्रिज के निकट का क्षेत्र शामिल है। इन नालों के मुहाने पर बायोमीट्रिक फिल्टर लगाया जाएगा। 89 लाख रुपये की लागत से लगने वाले फिल्टर से संबंधित नालों से साफ पानी नदी में गिरेगा। इससे तमसा नदी का प्रदूषण काफी हद तक कम होगा। अधिशाषी अधिकारी बीना सिंह ने कहा कि तमसा नदी को प्रदूषण से मुक्त करने के लिए ही यह जरूरी निर्णय लिया गया है।
लोगों ने की सराहना
सामाजिक कार्यकर्ता रवींद्र भार्गव ने कहा कि प्रदूषण के चलते तमसा नदी का पानी इतना जहरीला हो जाता है कि मछलियों की अक्सर मौत हो जाती है। अब जबकि नगर पालिका परिषद अकबरपुर ने छह नालों पर बायोमीट्रिक फिल्टर लगाए जाने का निर्णय लिया है, तो इससे नदी का प्रदूषण काफी हद तक कम होगा। वरिष्ठ सराफा व्यवसायी वीरेंद्र सेठ व अधिवक्ता नासिर हुसैन ने कहा कि सिर्फ छह नहीं, बल्कि सभी नालों पर बायोमीट्रिक फिल्टर लगाया जाना चाहिए। ऐसा होने से तमसा नदी काफी हद तक प्रदूषण मुक्त हो जाएगी। हालांकि शुरूआती निर्णय अत्यंत सराहनीय व दूरगामी परिणाम वाला है। संगीता सिंह व रश्मि ने कहा कि विभिन्न पर्व पर तमसा नदी के किनारे विविध आयोजन होते हें। प्रदूषण के चलते अक्सर कई बार असहज स्थिति उत्पन्न होती है। ऐसे में फिल्टर लगने से नदी का प्रदूषण काफी हद तक कम हो जाएगा। लोगों ने इस प्रयास की सराहना की है।
जल्द शुरू होगी प्रक्रिया
15वें वित्त के तहत अकबरपुर नगर के छह बड़े नालों पर बायोमीट्रिक फिल्टर लगाए जाएंगे। तमसा नदी को प्रदूषण मुक्त करने के लिए प्रथम चरण में छह फिल्टर लगाए जा रहे हैं। टेंडर आदि की प्रक्रिया के बाद जल्द फिल्टर लगाने का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। आगे कई अन्य विकल्पों पर विचार किया जाएगा। नागरिकों से हमने बेहतरी के जो वादे किए थे। उस पर लगातार अमल किया जा रहा है।
-सरिता गुप्ता, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद अकबरपुर