अंबेडकरनगर। जिले के सिपाही नागरिक पुलिस में चयनित 850 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र मिलेगा। कार्यक्रम का आयोजन 15 जून को डिफेंस एक्सपो ग्राउंड लखनऊ में होगा। सीधी भर्ती में चयनित अभ्यर्थियों को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को दिल्ली में गृह मंत्री से भेंट कर उन्हें कार्यक्रम में आने के लिए आमंत्रित किया है। नियुक्तिपत्र वितरण कार्यक्रम वृंदावन योजना में स्थित डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में होना प्रस्तावित है। इसके लिए सभी जिलों के कप्तानों से चयनित अभ्यर्थियों को राजधानी भेजने को कहा गया है।
इनकी आवागमन को आसान बनाने के लिए अकबरपुर डिपो की 21 बसों को संचालित किया जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो। एआरएम हरिओम श्रीवास्तव ने बताया कि बसों के लिए आदेश मिला है। बसों को रखरखाव का काम पूरा किया जा रहा है। इसके अलावा चालक व परिचालक की ड्यूटी भी लगाई जाएगी।