टांडा के मुबारकपुर के स्विच यार्ड में भरा बारिश का पानी। संवाद
अंबेडकरनगर। जिले भर में शुक्रवार को आई भीषण आंधी और बारिश से 60 बिजली के खंभे और 26 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए। इसके चलते लगभग दो लाख आबादी वाले 100 गांवों की बिजली आपूर्ति कई घंटों तक ठप रही।
अकबरपुर के साउथ वेस्ट बिजली घर के पियारेपुर के निकट मुख्य लाइन पर पेड़ की डाल गिरने से सुबह पांच बजे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इस कारण अशोक बिहार सहित 20 गांवों की बिजली गुल हो गई। सुबह आठ बजे बारिश थमने के बाद बिजली कर्मियों ने फाॅल्ट खोजने का काम शुरू किया। पेड़ की डाल को हटाकर सुबह 11 बजे आपूर्ति बहाल की जा सकी। कुर्की बिजली घर से जुड़े अफजलपुर, हरिपुर, पयागपुर, सुडारी सहित 15 से अधिक गांवों में भी शुक्रवार की सुबह चार बजे बारिश शुरू होते ही कई स्थानों पर बिजली के खंभे टूटने से आपूर्ति ठप हो गई। छह घंटे बाद दोपहर दो बजे आपूर्ति सुचारू हुई, लेकिन कुछ देर बाद ही यह दोबारा गुल हो गई।
टांडा के मुबारकपुर के स्विच यार्ड में बारिश का पानी घुस जाने से इससे जुड़े 20 से अधिक गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। पंप लगाकर पानी निकालने के बाद दोपहर 12 बजे आपूर्ति बहाल कराई जा सकी। आलापुर उपकेंद्र के विभिन्न स्थानों पर 32 बिजली के खंभे और छह ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने से 30 से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति दोपहर दो बजे तक बाधित रही। नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा के बसखारी बीआरसी के सामने वाली गली में दो विशालकाय शीशम और सिरसा के पेड़ गिर गए। इन पेड़ों के गिरने से गली का मार्ग अवरुद्ध हो गया। साथ ही, एक विद्युत पोल टूटकर जमीन पर आ गिरा और बसखारी ब्लॉक की बाउंड्री वॉल को भी नुकसान पहुंचा। करीब छह घंटे बाद पेड़ कटवाकर आपूर्ति बहाल कराई जा सकी।
अधीक्षण अभियंता रजनीश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आंधी से 60 बिजली खंभे और 26 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने से आपूर्ति बाधित हुई थी। टीमें लगातार काम कर रही हैं। ज्यादातर स्थानों पर देर शाम तक आपूर्ति बहाल करा दी गई है।