अंबेडकरनगर। जिले में शुक्रवार सुबह आई आंधी व बारिश लोगों के लिए आफत बन गई। गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली लेकिन हर तरफ जलभराव के कारण निकलना मुश्किल रहा। दूसरी ओर बिजली के तार टूटने से आपूर्ति ठप हो गई, तो कहीं पर पेड़ गिरने से आवागमन बंद रहा।
शुक्रवार सुबह करीब साढ़े चार बजे से दो घंटे झमाझम बारिश हुई। बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। वहीं, दूसरी ओर अकबरपुर शहर के कई मार्गों पर बारिश का पानी भर गया। अकबरपुर नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 11 गांधीनगर उसरहवा में के अलावा शहर की गलियां पानी से लबालब हो गईं। लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया।
शहर के शास्त्री नगर, अयोध्या मार्ग, सिझौली, बनगांव मार्ग व मीरानपुर समेत अन्य कई मोहल्लों में हर तरफ जलभराव दिखा। वार्ड में बनी छोटी नालियों के कारण पानी नहीं निकल पाता है, जिससे बारिश का पानी लोगों के घरों में घुस जाता है। लोक निर्माण विभाग, कृषि विभाग, डीएम कार्यालय के मुख्य द्वार, आंबेडकर पार्क के गेट के सामने जलभराव होने से लोगों को मुसीबत का सामना करना पड़ा। नगर पालिका की ओर से यहां पंप लगाकर जल निकासी कराई गई।
यहां भी बारिश से बढ़ी मुश्किल
टांडा क्षेत्र में शुक्रवार सुबह गरज चमक के साथ बारिश हुई जिससे टांडा रोडवेज बस स्टेशन के मुख्य गेट पर जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई। इसी तरीके से बसखारी के हंसवर बाजार में दुर्गा मंदिर के पास बारिश ने लोगों की मुसीबतें बढ़ा दीं। जल निकासी होने से बाजार में पानी भर गया। इसी तरीके से श्रवण क्षेत्र में हुई बारिश से किसानों के चेहरे में खुशी है। वहीं, कई मार्गों पर पानी भर गया जिससे जलनिकासी की समस्या बन गई। इसके अलावा आलापुर, जलालपुर, कटेहरी, भीटी में कमोवेश यही हाल रहा। करीब दो घंटे की बारिश से मार्गों पर जलभराव हो गया।
पंपिंग सेट से निकाला गया पानी
नगर पालिका की ओर से बारिश से पहले ही सभी वार्डों की नालियों व नालों की सफाई करा दी गई है। शहर में कुछ मोहल्ले निचले हैं, जिसके कारण वहां की जलनिकासी की समस्या है। जिसको बेहतर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अलावा जिन स्थानों पर पानी भरा था वहां पर पंपिंग सेट से पानी निकलवाया गया है।
- बीना सिंह, ईओ नगर पालिका