अंबेडकरनगर। कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच रविवार के अवकाश के बावजूद जिले में वैक्सीनेशन किया गया। इस दौरान 15 केंद्रों के 18 बूथों पर 560 नागरिकों को टीका लगाया गया। हालांकि 1500 नागरिकों व कर्मचारियों को टीका लगाए जाने का लक्ष्य था। टीकाकरण अभियान में किसी भी प्रकार की बाधा न उत्पन्न हो, इसके लिए कुल 90 स्वास्थ्य कर्मियों की बूथों पर तैनाती की गई थी।
जिस प्रकार से जिले में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, उसे देखते हुए जिले में कोरोना टीकाकरण अभियान भी लगातार जारी है। रविवार के अवकाश के बावजूद जिले में वैक्सीनेशन अभियान चला। सीएमओ कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को जिले के 15 केंद्रों के 18 बूथों पर वैक्सीनेशन का कार्य चला। इस दौरान कुल 1500 नागरिकों को टीका लगना था। इसकी तुलना में 560 लोगों को टीका लगाया गया।
नागरिकों को टीका लगने में किसी भी प्रकार की मुश्किल न हो, इसके लिए प्रत्येक बूथ पर पांच-पांच स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती की गई थी। उधर, सीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि कोरोना को फैलने से रोकने के लिए उसकी चेन तोड़ना अत्यंत जरूरी है। ऐसे में बगैर किसी अफवाह में पड़े बूथों पर पहुंचकर टीका जरूर लगवाएं। न सिर्फ खुद टीका लगवाएं, बल्कि दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें। जागरूकता के आधार पर ही संक्रमण को फैलने से रोका जा सकता है।