अंबेडकरनगर। अंबेडकरनगर व सुल्तानपुर जनपद को जोड़ने वाले बिसुही नदी पर बने खुलासपुर बस्तीपुर पुल पर वाहनों ने फर्राटा भरना शुरू कर दिया है। लगभग ढाई करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 70 मीटर लंबे पुल व ढाई किमी लंबे संपर्क मार्ग के निर्माण से लगभग 50 हजार की आबादी को सुचारु आवागमन में लाभ मिलना शुरू हो गया। पुल पर आवागमन प्रारंभ होने से अंबेडकरनगर जनपद के संबंधित क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांव के ग्रामीणों को सुल्तानपुर जाने के लिए लगभग 15 किमी अतिरिक्त लंबी दूरी तय करने से निजात मिली।
आमजन के सुचारु आवागमन के लिए वर्ष 2017-18 में राज्य योजना के तहत अंबेडकरनगर सुल्तानपुर जनपद को जोड़ने के लिए खुलासपुर गांव के निकट बिसुही नदी पर खुलासपुर बस्तीपुर पुल के निर्माण को शासन ने संस्तुति प्रदान की थी। ढाई करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले इस पुल व संपर्क मार्ग के निर्माण की जिम्मेदारी सेतु निगम व पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड को सौंपी गई। दरअसल अंबेडकरनगर जनपद के खुलासपुर के अलावा भितरीडीह, कुढ़ा मोहम्मदगढ़, मक्खापुर, उदयपुर, कामतागंज, बहतीपुर समेत लगभग डेढ़ दर्जन गांव के ग्रामीणों को सुल्तानपुर जनपद जाने के लिए बेवाना से घूमकर जाना पड़ता था। इससे उन्हें लगभग 15 किमी की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती थी।
इस बीच लगभग चार माह पूर्व सेतु निगम द्वारा पुल के निर्माण का कार्य पूर्ण कर लिया गया। पुल के दोनों तरफ लगभग ढाई किमी लंबे संपर्क मार्ग का निर्माण पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड ने तेजी से शुरू कराना प्रारंभ किया, जो बीते दिनों ही पूर्ण कर लिया गया। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर आदर्श आचार संहिता लागू होने के चलते गत दिवस बिना किसी समारोह के लिए पुलिस पर आवागमन प्रारंभ कर दिया गया। इससे लगभग 50 हजार की आबादी को सुचारु आवागमन में लाभ मिलने लगा। पुल पर फर्राटा भरने वाले वाहनों को अंबेडकरनगर से सुल्तानपुर जनपद जाने के लिए लगभग 15 किमी की अतिरिक्त दूरी तय करने से राहत मिली।
लोगों ने जताई खुशी
खुलासपुर के रामसजीवन व भितरीडीह के शंखलाल ने पुल पर आवागमन शुरू होने पर खुशी का इजहार करते हुए कहा कि सुल्तानपुर जनपद जाने के लिए लगभग 15 किमी की अतिरिक्त दूरी तय करने से राहत मिली। दूरी कम होने से समय में भी बचत हो रही है। मक्खापुर के मनोज व सुखीराम ने कहा कि वर्षों से चली आ रही मांग अब जाकर पूर्ण हुई। पुल का निर्माण होने से सुल्तानपुर जाने की राह आसान हो गई। उदयपुर के सब्जी विक्रेता अभयराज व फल विक्रेता मोहम्मद रईस ने कहा कि पुल पर आवागमन शुरू होने से सब्जी व फल व्यवसाय को व्यापक लाभ मिलेगा। कपड़ा व्यवसायी राहुल कुमार ने कहा कि पुल पर आवागमन होने से कपड़ा व्यवसाय को गति प्रदान होगी।
लोगों को मिल रहा लाभ
खुलासपुर पुल पर गत दिवस ही सुचारु रूप से आवागमन प्रारंभ कर दिया गया। इसका संबंधित क्षेत्र के लोगों को व्यापक लाभ मिल रहा है।
शंकर्षण लाल, अधिशासी अभियंता लोकनिर्माण विभाग प्रांतीय खंड