अंबेडकरनगर। वाहन चेकिंग के दौरान उड़नदस्ता मजिस्ट्रेट टीम को बुधवार देर शाम बड़ी सफलता मिली। डीसीएम से लखनऊ से अकबरपुर होते हुए संतकबीरनगर जनपद ले जाई जा रही 39 बोरी चुनावी सामग्री को जांच के दौरान बरामद कर लिया गया। सभी प्रचार सामग्री कांग्रेस से जुड़ी थी। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के सम्मोपुर गांव के निकट सुल्तानपुर बाइपास पर जांच के दौरान मजिस्ट्रेट टीम ने इसे पकड़ा। इस पर न सिर्फ वाहन को सीज कर दिया गया, बल्कि वाहन चालक के विरुद्ध अकबरपुर कोतवाली में आचार संहिता उल्लंघन का केस भी दर्ज हुआ।
आचार संहिता का सख्ती से पालन कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी सैमुअल पॉल एन द्वारा प्रतिदिन उड़नदस्ता मजिस्ट्रेट टीम से प्रगति की समीक्षा की जा रही है। इसे देखते हुए सभी क्षेत्रों की उड़नदस्ता की टीम जिम्मेदारी को अंजाम दे रही है। इसी क्रम में बुधवार देर शाम उड़नदस्ता मजिस्ट्रेट प्रभारी शेषनाथ वर्मा के नेतृत्व में टीम ने अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के सम्मोपुर गांव के निकट सुल्तानपुर हाइवे के निकट सघन वाहन चेकिंग अभियान चला रखा था।
लखनऊ की ओर से एक डीसीएम आती दिखी। उसे रोका गया। गहनता से जांच की गई, तो उसके अंदर कई बोरों में चुनाव सामग्री भरी पड़ी थी। जब चालक देशराज से अनुमति पत्र मांगा, तो वह इसे प्रस्तुत नहीं कर सका। वाहन में कुल 39 बोरी चुनावी सामग्री रखी हुई मिली। पूछताछ में चालक ने बताया कि इसमें 13 बोरी चुनाव सामग्री अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए, जबकि 13 बोरी संतकबीरनगर के मेहदावल व 13 बोरी संतकबीरनगर के घनघटा विधानसभा क्षेत्र के लिए ले जाई जा रही थी।
प्रचार सामग्री कांग्रेस की थी। वाहन को सीज करते हुए वाहन चालक के विरुद्ध अकबरपुर कोतवाली में केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। कोतवाल अमित कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर चालक के विरुद्ध आचार संहिता का उल्लंघन का मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही वाहन को सीज कर कोतवाली में खड़ा कर दिया गया है।
चेकिंग अभियान से वाहन चालकों में हड़कंप
विधानसभा चुनाव में गड़बड़ी को रोकने के लिए उड़नदस्ता की टीम लगातार प्रयासरत है। गुरुवार को भी टीम ने कई स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाकर वाहनों की सघन छानबीन की। टीम ने अलग अलग समय पर जहांगीरगंज राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित श्यामपुर, अलऊपुर के अलावा हुसैनपुर कटघर, जहांगीरगंज व नरियांव समेत कई अन्य स्थानों पर चार व दो पहिया वाहनों की चेकिंग की। वाहनों की डिक्की खुलवाकर उसमें रखी सामग्रियों की जांच की गई। हालांकि किसी वाहन से कोई अवैध सामग्री बरामद नहीं हुई। लेकिन दो वाहनों के कागजात सहीं न होने पर उनका चालान काटा गया।
चेकिंग अभियान की खबर से अन्य वाहन चालकों में हड़कंप का माहौल रहा। उड़नदस्ता प्रभारी पशुधन प्रसार अधिकारी डॉ. विवेक ने बताया कि विभिन्न स्थानों पर करीब 60 वाहनों की चेकिंग की गई है। किसी वाहन से कोई अनुचित सामग्री बरामद नहीं हुई। दो वाहनों का कागजात सही न होने पर उनका चालान काटा गया। इस मौके पर एसआई अख्तर अली के अलावा कई पुलिस कर्मी भी मौजूद रहे।