अंबेडकरनगर। औद्योगिक कॉरिडोर की स्थापना के लिए रविवार को 35 किसानों ने अपनी भूमि का बैनामा यूपीडा के पक्ष में किया। इनमें से 15 किसानों को कलेक्ट्रेट में डीएम अविनाश सिंह ने सम्मानित किया जबकि 20 अन्य किसानों का सम्मान जिला प्रशासन की तरफ से रजिस्ट्री दफ्तर में हुआ। सभी किसानों को शाॅल व मिठाई भेंट की गई।
औद्योगिक कॉरिडोर की स्थापना के लिए अकबरपुर रजिस्ट्री दफ्तर में लगातार किसानों की भूमि का बैनामा हो रहा है। रविवार को भी 35 किसानों ने कुल 28 बैनामे किए। सात हेक्टेअर भूमि यूपीडा के नाम बैनामा करने पर किसानों को 12 करोड़ 50 लाख रुपये का भुगतान किया गया।
एक साथ बड़ी तादाद में किसानों के आगे आने की खबर मिलने पर डीएम अविनाश सिंह ने उन्हें कलेक्ट्रेट बुलाकर सम्मानित किया। कुछ किसानों को तहसील परिसर में सम्मान मिला। बाद में डीएम ने बताया कि अकबरपुर तहसील क्षेत्र के बेवाना में बन रहे औद्योगिक कॉरिडोर के लिए अब तक 71 बैनामे हो चुके हैं। इसके जरिए 116 किसानों से 19 हेक्टेअर भूमि यूपीडा को दिलाई जा चुकी है। इसके एवज में किसानों को 27 करोड़ 42 लाख का भुगतान दिया गया है।
डीएम ने बताया कि जिला मुख्यालय से 18 किमी. तथा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से सात किमी की दूरी पर कॉरिडोर की स्थापना से जिले के उद्यमियों के अलावा दूरदराज के उद्यमी भी यहां आकर अपने उद्योगों की स्थापना कर सकेंगे। इस मौके पर एआईजी स्टांप अविनाश पांडेय, एसडीएम सदर पवन कुमार जायसवाल आदि मौजूद रहे।