अंबेडकरनगर। पोस्टल व सर्विस मतों की गिनती के आधे घंटे बाद ही ईवीएम पर पड़े मतों की गणना प्रारंभ कर दी जाएगी। पहली बार जिले के दो मतगणना स्थल राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज व राजकीय खेल स्टेडियम में होने वाली मतों की गणना की जिम्मेदारी 340 कर्मचारियों पर होगी, जबकि 40 कर्मचारी रिजर्व में रहेंगे। सुबह आठ बजे से प्रारंभ होने वाली मतों की गणना 14-14 टेबल पर की जाएगी। प्रत्येक टेबल पर चार कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा सर्विस मतों की गणना के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक-एक, जबकि पोस्टल मतों की गिनती के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए 3-3 टीम बनाई गई हैं। इस बीच मतगणना को सकुशल निपटाने को लेकर प्रशासन ने तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं।
जिले में पहली बार दो स्थानों पर मतों की गणना की जाएगी। राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में अकबरपुर, कटेहरी व टांडा विधानसभा क्षेत्र के मतों की गिनती की जाएगी, जबकि राजकीय खेल स्टेडियम में जलालपुर व आलापुर विधानसभा क्षेत्र के मतों की गणना होगी। निर्वाचन कार्यालय के शहंशाह ने बताया कि मतों की गणना कुल 70 टेबल पर होगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए 14-14 टेबल लगाई जाएंगी।
हर टेबल पर तीन कर्मचारी व एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की ड्यूटी रहेगी। इन टेबल पर ईवीएम में पड़े मतों की गणना की जाएगी। इसके अलावा सर्विस मतों की गणना के लिए कुल प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक-एक टीम, जिसमें तीन कर्मचारी शामिल होंगे, जबकि पोस्टल मतों की गणना के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में तीन-तीन टीम बनाई गई हैं। प्रत्येक टीम में तीन-तीन कर्मचारी रहेंगे। बताया कि सर्विस व पोस्टल मतों की गणना प्रारंभ होने के आधे घंटे बाद ईवीएम में पड़े मतों की गणना की जाएगी। मतों की गणना सुबह 8 बजे से प्रारंभ कर दी जाएगी।
सात व नौ को दिया जाएगा प्रशिक्षण
मतगणना को सकुशल निपटाने के लिए इसमें लगे कर्मचारियों को सात व नौ मार्च को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिला मुख्यालय स्थित लोहिया भवन सभागार में 285 कर्मचारियों को मतों की गणना के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। अपर प्रशिक्षण प्रभारी आरबी यादव ने बताया कि सात मार्च को दो पालियों में 285 कर्मचारियों को मतगणना का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें ईवीएम व पोस्टल मतों की गणना करने वाले कर्मचारी शामिल रहेंगे। बाद में नौ मार्च को एक पाली में प्रशिक्षण दिया जाएगा।