अंबेडकरनगर। पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले में 14 दिसंबर से अभियान शुरू होगा, जिसमें 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा दी जाएगी।
स्वास्थ्य केंद्रों पर पोलियो ड्रॉप पिलाने का काम 15 से 19 दिसंबर तक चलेगा। अभियान का लक्ष्य जिले के 3,15,717 बच्चों तक पोलियो की खुराक पहुंचाना है। इसके लिए 1680 बूथ बनाए गए हैं और 704 विशेष टीमें घर-घर जाकर बच्चों को दवा पिलाएंगी। हर टीम में एएनएम, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शामिल किए गए हैं। इन टीमों को यह जिम्मेदारी दी गई है कि कोई भी बच्चा पोलियो ड्रॉप से वंचित न रह जाए।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी बूथों पर दवाएं और आवश्यक सामग्री पहले ही भेज दी है, ताकि अभियान के दौरान कोई समस्या न आए। विभाग के सभी कर्मचारी भी पूरी तरह तैनात रहेंगे। जो बच्चे अभियान के बीच किसी कारणवश दवा नहीं ले पाएंगे, उनके लिए बी टीम बनाई गई है। यह टीम 22 दिसंबर को ऐसे सभी घरों में जाएगी और बच्चों को पोलियो की खुराक देगी। बी टीम में भी आंगनबाड़ी, एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं को शामिल किया गया है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. मार्केंडेय ने बताया कि अभियान से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। टीमों को प्रशिक्षण दे दिया गया है और उन्हें स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे चिह्नित सभी बच्चों तक दवा पहुंचाएं।