छह करोड़ की लागत से गड्ढामुक्त हुआ अकबरपुर-दोस्तपुर मार्ग।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। लगभग छह करोड़ की लागत से अकबरपुर से दोस्तपुर तक लगभग 26 किमी लंबी सड़क को गड्ढामुक्त किया गया। इससे संबंधित मार्ग से जुड़े तीन दर्जन से अधिक गांव की लगभग डेढ़ लाख की आबादी को सीधा लाभ मिल रहा है। इस मार्ग पर प्रतिदिन लगभग 45 हजार लोगों का आवागमन होता है। सड़क के गड्ढामुक्त होने से उन्हें सुचारु आवागमन में लाभ मिल रहा है। यह सड़क करीब डे़ढ वर्ष पहले बनाई गई थी।
बीते दिनों प्रदेश सरकार ने 30 नवंबर तक सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने का निर्देश दिया था। इसके तहत अंबेडकरनगर व सुल्तानपुर जनपद को मिलाने वाली अकबरपुर से दोस्तपुर तक लगभग 26 किमी लंबी सड़क को गड्ढामुक्त करने के लिए चयनित किया गया। पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खण्ड को निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी गई।
सड़क को गड्ढामुक्त करने के लिए 5 करोड़ 98 लाख रुपये की राशि भी कार्यदायी संस्था को उपलब्ध करा दी गई। लोगों को आवागमन में किसी भी प्रकार की मुश्किल न हो, इसके लिए न सिर्फ नई सड़कों का बड़े पैमाने पर निर्माण कराया जा रहा है, बल्कि सड़कों के नवीनीकरण का कार्य भी किया जा रहा है। इसका अंबेडकरनगर जनपदवासियों को भी इसका व्यापक लाभ मिल रहा है।
सामान्य नवीनीकरण योजना के तहत ही अकबरपुर से दोस्तपुर तक लगभग 26 किमी लंबी सड़क को गड्ढामुक्त करने के लिए चयनित किया गया था। लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खण्ड के अवर अभियंता हरेकृष्ण ने बताया कि सड़क को गड्ढामुक्त करने का कार्य पूर्ण कर लिया गया। इससे इस मार्ग से जुड़े तीन दर्जन से अधिक गांवों की लगभग डेढ़ लाख की आबादी को लाभ मिलेगा। इसके अलावा इस मार्ग से प्रतिदिन होकर गुजरने वाले लगभग 45 हजार लोगों को सुचारु आवागमन में लाभ मिल रहा है।
प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता शंकर्षणलाल ने बताया कि लगभग छह करोड़ रुपये की लागत से अकबरपुर से दोस्तपुर तक 26 किमी लंबी सड़क को गड्ढामुक्त करने का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। सड़क के गड्ढामुक्त होने से लोगों को व्यापक लाभ मिल रहा है।