अंबेडकरनगर। हंसवर थाना अंतर्गत भूलेपुर बाजार में स्थित एक क्लीनिक में घुसकर रविवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने चिकित्सक पर फायर झोंक दिया। यह संयोग ही था कि चिकित्सक बाल-बाल बच गया। दिनदहाड़े हुई इस गोलीकांड की घटना से बाजार में अफरातफरी मच गई। इससे पहले कि लोग मौके पर पहुंचते, बदमाश भाग खड़े हुए। बाद में पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
हंसवर थाना अन्तर्गत भूलेपुर भरौटिया कस्बा निवासी डॉ. आफताब आलम की भूलेपुर बाजार में क्लीनिक है। प्रतिदिन की तरह रविवार को भी वह क्लीनिक में मरीज को देख रहे थे। आरोप है कि दोपहर करीब एक बाइक पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचे। दोनों ने अपना चेहरा अंगोछे से ढक रखा था। एक बदमाश बाइक पर बैठा रहा, जबकि दूसरा क्लीनिक के अंदर गया। इससे पहले कि वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते, तब तक बदमाश ने चिकित्सक को निशाना बनाते हुए फायर झोंक दिया। डॉक्टर आफताब की किस्मत अच्छी थी कि गोली उन्हें छूती हुई निकल गई।
दिनदहाड़े गोली चलने से बाजार में हड़कंप मच गया। जब तक बाजारवासी घटनास्थल की तरफ दौड़ते, तब तक दोनों बदमाश बाइक से भाग खड़े हुए। इस बीच सूचना मिलते ही एसओ श्रवण कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बदमाशों की धरपकड़ के लिए घेराबंदी की, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में पीड़ित चिकित्सक ने थाने पहुंचकर केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। एसओ ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर मामले में छानबीन शुरू कर दी है।