अंबेडकरनगर। जहांगीरगंज पुलिस टीम ने गैंगस्टर एक्ट के वांछित 25-25 हजार रुपये के इनामी उड़ीसा प्रांत निवासी दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। बाद में दोनों को जेल भेज दिया गया। शराब की बरामदगी से जुड़े मामले में इन दोनों की तलाश लंबे समय से थी।
नवागत एसपी आलोक प्रियदर्शी ने जिले का कार्यभार संभालने के साथ ही अपराधियों पर नकेल कसने का विशेष अभियान शुरू किया है। इस पर जनपद पुलिस भी सक्रिय हो उठी है। शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार मिश्र के नेतृत्व में जहांगीरगंज पुलिस ने अपराध नियंत्रण एवं अपराधियों की धरपकड़ अभियान के चलते धर-पकड़ अभियान चला।
एसओ विवेक वर्मा, एसआई शैलेंद्र भारती, सिपाही सुनील कुमार, सर्वेश कुमार, अलाउद्दीन व महिला सिपाही रंजना यादव की टीम ने थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर मोड़ के पास घेराबंदी की। इस बीच पुलिस टीम के हत्थे पद्दूराम रावत निवासी ग्राम भानपुर, थाना खरियार, जिला नयापार व जगतू लोहार निवासी छिनपारी, थाना खरियार, जनपद नयापारा प्रांत उड़ीसा चढ़ गए।
दोनों से पूछताछ आगे बढ़ी तो पता चला कि इन पर जहांगीरगंज थाने में ही आबकारी अधिनियम व यूपी गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। साथ ही दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित है। बाद में दोनों को जेल भेज दिया गया।